विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में 308 पहियों वाले विशाल ट्रेलर से टकराया दूसरा ट्रक, एशिया के पहले बायो प्लास्टिक प्लांट के लिए ला रहा वेसल

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:00 AM (IST)

मऊ में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर 308 पहिए वाले विशालकाय ट्रेलर के प्रवेश करते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जो ...और पढ़ें

रिएक्टर में फंसा ट्रक।

रिएक्टर में फंसा ट्रक।

HighLights

  1. विशालकाय 308 पहियों वाला ट्रेलर मऊ में कौतूहल का केंद्र बना।

  2. एशिया के पहले बायो प्लास्टिक प्लांट के लिए रिएक्टर ले जा रहा।

  3. घोसी में इंजन बदलते समय ट्रक ट्रेलर से टकराया, फंसा।

जागरण संवाददाता, मऊ। रिएक्टर लदे 308 पहिए वाले विशालकाय ट्रेलर के गुरुवार को ग्यारह बजे के करीब वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही लोगों की भीड़ लग गई। यह ट्रेलर लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा। हर कोई अपने कैमरे में इसे कैद करता नजर आया।

मंगलवार से ही वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के जरिए ट्रेलर मऊ जनपद की सीमा से पहले हैदरगंज गांव के पास आकर रूका था। दो दिन तक मऊ की सीमा से सात किमी पहले रूकने के बाद गुरुवार को हरी झंडी मिल गई। इसके बाद दस बजे अपने निर्धारित स्थान से चल दिया। लगभग ग्यारह बजे जनपद की सीमा में प्रवेश किया।

शहर के बढ़ुआ गोदाम, कोपागंज, घोसी व दोहरीघाट होते हुए यह ट्रेलर गोरखपुर की तरफ रवाना हो गया। बता दें कि ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से लखीमपुर खीरी स्थित पीएलए (पोलि इलेक्ट्रिक एसिड) प्लांट में जाने के लिए ट्रेलर चार महीने पहले अपनी यात्रा शुरू किया था। इसमें मल्टी एक्सल कुल 308 पहिये हैं। इसके साथ 40 से 50 कर्मचारी, तीन क्रेन व एक अतिरिक्त इंजन स्टाफ चल रहा हैं। कुंभी चीनी मिल में एशिया का पहला बायो प्लास्टिक प्लांट स्थापित किया जा रहा है।

गुरुवार को घोसी के पास फोर लेन पर इंजन बदलने के लिए कुछ पल के लिए ट्रेलर रुकने के साथ ही सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। लोग अपने-अपने मोबाइल फोन में इसके साथ अपनी तस्वीरें कैद करने में लगे रहे। यही नहीं काेई इसके आगे-पीछ़े नाच गाकर रील बनाता रहा तो कोई ट्रेलर पर चढ़ कर।

इस दौरान जैसे ही ट्रेलर यहां से इंजन बदल कर निकलना चाहा तो पीछे से एक ट्रक आ घुसी और रिएक्टर में फंस गया। इसे निकालने के लिए कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आधे घंटे बाद उसे निकाला जा सका। इसके बाद ट्रेलर आगे के लिए रवाना हुआ।

यह भी पढ़ें- मऊ से गोरखपुर की तरफ रवाना हुआ 308 पहिये वाला वायरल महाबली ट्रक, देखने वालों की लग रही भीड़