विकास के नाम पर छीनी जा रही आजीविका
भूमि अधिग्रहण के मुआवजा में गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ प्रगतिशील व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश किसान महासभा के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना के 15वें दिन भी लोग कलेक्ट्रेट में जुटे और प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, मऊ : भूमि अधिग्रहण के मुआवजा में गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ प्रगतिशील व्यापार मंडल और उत्तर प्रदेश किसान महासभा के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन धरना के 15वें दिन भी लोग कलेक्ट्रेट में जुटे और प्रदर्शन किया। धरना में प्रगतिशील व्यापार मंडल के नेता शिवमूरत गुप्ता ने कहा कि किसानों, व्यापारियों के साथ देश में भेदभाव का व्यवहार किया जा रहा है। देश के बड़े-बड़े कारपोरेट व्यापारियों को तो व्यापार और लाभ कमाने के लिए तरह-तरह की छूट दी जा रही है लेकिन किसानों और छोटे व्यापारियों को किसी प्रकार का छूट और लाभ नहीं दिया जा रहा, उल्टे उनकी आजीविका को विकास के नाम पर छीना जा रहा है। उनको राहत देने की बजाय उनके मुआवजे की भी लूट की जा रही है। बढुआगोदाम बाजार सरकार के इसी नजरिए और नीतियों का शिकार बना हुआ है। इस लूट और झूठ के खिलाफ व्यापारियों, किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।
इसी क्रम में किसान महासभा के नेता अखिलानंद पांडे ने कहा कि देश का किसान पहले से ही मौसम की मार से परेशान था। किसी तरह थोड़ी बहुत खेती बचती है तो उसको बिचौलिए और सरकारी अफसरों की मिलीभगत से लूट लिया जाता है। किसान के हाथ में सिर्फ कर्जा और आत्महत्या ही रह जाता है। सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का किसान और छोटा दुकानदार बदहाल है। धरना में कामरेड श्रीराम ¨सह, सतिराम यादव, रामप्रवेश गुप्ता, स्वामीनाथ, कमला यादव, रामनारायण, रामनारायण वर्मा, कृष्णानंद यादव, रामअधीन, शंकर, गोकुल, हरिश्चंद्र, अवधेश गुप्ता आदि शामिल थे।