35 वर्षों से कायम भूमि विवाद का हुआ हल
जागरण संवाददाता मधुबन (मऊ) तहसील क्षेत्र के कोल्हुआ में 10 परिवारों के लिए सोमवार का ि
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : तहसील क्षेत्र के कोल्हुआ में 10 परिवारों के लिए सोमवार का दिन दीपावली से कम नहीं रहा। लगभग 35 वर्षों से चल रहा भूमि विवाद ग्रामीणों की पहल पर हल हो गया। इससे प्रभावित परिवारों में दिवाली पूर्व ही त्योहार की खुशियां छा गई हैं।
क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में सुरेंद्र सोनकर, केशव मौर्य, रामभरोसे सहित 10 अन्य परिवारों के बीच लगभग 35 वर्षों से भूमि विवाद चला आ रहा था। सोमवार को क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्ति प्रशांत गुप्त के साथ उदयभान शाही, सुनील मौर्य, संतोष सिंह, नींबूलाल विश्वकर्मा, सत्येंद्र मौर्य, भोला यादव व अन्य के सहयोग से समझौता कर विवाद को समाप्त कराया गया। इस विवाद के चलते गोवर्धन, देवेंद्र, बबलू व लालजी आदि व्यक्तियों के घरों की दीवार लगभग 35 वर्षों से बनकर खड़ी थी परंतु छत नहीं लग पा रही थी। इसके चलते प्रकरण न्यायालय में लंबित हो गया। इसी नवंबर माह में गोवर्धन की पुत्री का विवाह तय हुआ है। बेटी का विवाह करने की जगह न होने के कारण उन्होंने विवादित भूमि पर टीन शेड डालकर रहने का प्रयास किया तो केशव मौर्य ने न्यायालय में मुकदमा लंबित होने का हवाला देते हुए डायल 112 पुलिस को बुलाकर रोकवा दिया। इस पर क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों के हस्तक्षेप से काफी देर तक चली पंचायत के उपरांत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील मौर्य के नेतृत्व में ग्राम न्यायालय की भूमि को चिह्नांकित करते हुए मामले का निपटारा कराकर 35 वर्षों के मुकदमे को खत्म कराया गया। इससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इससे सुरेंद्र सोनकर, केशव मौर्य, रामभरोसा सहित लगभग 10 परिवारों में आज दिवाली पूर्व ही खुशियां दौड़ गईं।