कचिया शराब के खिलाफ उतरी गुलाबी सेना
क्षेत्र में बढ़ते कचिया शराब, अवैध निर्माण, महिला उत्पीड़न की घटनाओं से आक्रोशित गुलाबी सेना मंगलवार को सड़क पर उतर पड़ी। गुलाबी साड़ी पहनी सेना की कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों से तहसील मुख्यालय पर पहुंचीं और जबर्दस्त प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : क्षेत्र में बढ़ते कचिया शराब, अवैध निर्माण, महिला उत्पीड़न की घटनाओं से आक्रोशित गुलाबी सेना मंगलवार को सड़क पर उतर पड़ी। गुलाबी साड़ी पहनी सेना की कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों से तहसील मुख्यालय पर पहुंचीं और जबर्दस्त प्रदर्शन किया। राज्यपाल को संबोधित अपना मांगपत्र उपजिलाधिकारी निरंकार ¨सह को सौंपते हुए मांगों को पूरी करने की बात कही। अन्यथा की स्थिति में दो-दो हाथ करने की भी चेतावनी प्रशासन व समाज विरोधी तत्वों को दी। एसडीएम ने ज्ञापन में दर्शाई गई समस्याओं के जल्द निस्तारण का भरोसा दिया।
तहसील मुख्यालय पर गुलाबी सेना की अध्यक्ष मीरा यादव के नेतृत्व में पहुंची दर्जनों महिलाओं ने जबर्दस्त नारेबाजी की। महिलाओं ने स्थानीय बाजार के सब्जी मंडी गली में आबादी के बीच देशी शराब की दुकान होने से महिलाओं को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। उसे तत्काल हटाए जाने की मांग की। मांगपत्र में क्षेत्र में जगह-जगह होने वाले कचिया शराब के अवैध निर्माण, उनके व्यापार पर रोक लगाने, फर्जी राशन कार्डों की जांच कराने, महिलाओं के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा उत्पीड़न करने वालों को कड़ा दंड देने की मांगें शामिल थीं। प्रदर्शन में रंभा यादव, इसरावती, अनीता, सावित्री, रंजना सहित दर्जनो महिलाएं उपस्थित थीे।