विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मऊ में विदेशी मेहमानों का शुरू आगमन, शैकीनों का बन रहे भोजन

By Shailesh Yadav Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 05:41 PM (IST)

मऊ के तालरतोय में प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है, लेकिन शिकारी नशीली गोलियों और जाल से उन्हें ...और पढ़ें

मऊ के तालरतोय में प्रवासी पक्षियों पर मंडरा रहा है शिकारियों का खतरा।

मऊ के तालरतोय में प्रवासी पक्षियों पर मंडरा रहा है शिकारियों का खतरा।

HighLights

  1. तालरतोय में प्रवासी पक्षियों का आगमन, शिकारियों की सक्रियता बढ़ी।

  2. नशीली गोलियों, जाल से पक्षियों को पकड़कर बेचा जा रहा।

  3. वन विभाग, पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग, डीएफओ का आश्वासन।

जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ)। शरद ऋतु के आगमन के साथ ही क्षेत्र के तालरतोय में अप्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। उनके कलरव से ताल क्षेत्र गुलजार है और प्रकृति प्रेमियों के लिए ये आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसी बीच शिकारियों की सक्रियता ने पक्षियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि कुछ शिकारी नशीली गोलियों और जाल की मदद से पक्षियों को पकड़कर ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं। शैकीन इसे अपना भोजन बनाए हैं।

ठंड शुरू होते ही हर साल विभिन्न प्रजातियों के अप्रवासी पक्षी हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर तालरतोय पहुंचते हैं। यहां के प्राकृतिक वातावरण और जलस्रोत उनके अस्थायी बसेरे बनते हैं। लेकिन उनके पहुंचते ही शिकारियों की नजर भी उन पर पड़ जाती है। ताल और आसपास के इलाकों में जाल बिछाकर तथा नशीली गोलियां डालकर पक्षियों को पकड़ने और चोरी-छिपे बेचने की बात कही जा रही है।

पक्षियों के मांस की मांग के चलते शिकार और बिक्री का अवैध कारोबार बढ़ रहा है। बताया जाता है कि इसके शौकीन दूर-दराज के क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आते हैं और मुंहमांगी कीमत देते हैं। ककराडीह, शिवराजपुर, उतराई और रामपुर सहित आसपास के गांवों में शिकार और बिक्री की चर्चा है। इससे हर साल बड़ी संख्या में अप्रवासी पक्षियों के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है।

लगातार शिकार की शिकायतों के बावजूद वन विभाग और पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। ठोस अभियान और ताल क्षेत्र में नियमित निगरानी की कमी से शिकारियों के हौसले बढ़ने की बात कही जा रही है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कुछ पुलिसकर्मियों को गतिविधि की जानकारी होने के बावजूद रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे।

प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोगों का कहना है कि अप्रवासी पक्षी पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्वपूर्ण अंग हैं। उनका शिकार प्राकृतिक पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाने, शिकारियों व बिक्री करने वालों की पहचान करने और ताल क्षेत्र में नियमित गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है।

विदेशी मेहमानों की सुरक्षा करना प्रशासन का दायित्व है। ऐसे में किसी भी कीमत पर इनका शिकार नहीं होने दिया जाएगा। जल्द ही वन विभाग की टीम जनपद के सभी तालाबों पर लगाई जाएगी। ऐसे में मेहमान पक्षियों का शिकार करने वाले बाज आएं। शिकार करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।

-

पीके पांडेय, डीएफओ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।