मऊ में पांच माह बाद बेटे ने पिता की हत्या में दो के विरुद्ध दर्ज कराया केस
मऊ में पांच माह बाद बेटे ने अपने पिता सुरेंद्र राय की हत्या के आरोप में दो लोगों, सहजू राजभर और बृजराज राय, के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बेटे अरविंद राय ने आरोप लगाया है कि ताड़ी के पैसों के विवाद में पिता की हत्या की गई थी, जिसकी विवेचना पुलिस कर रही है।

25 जून को फोरलेन तिराहे के पास सुरेंद्र राय का मिला था शव।
HighLights
मऊ में बेटे ने पिता की हत्या का केस दर्ज कराया।
ताड़ी के पैसों के विवाद में हुई थी पिता की हत्या।
पांच माह बाद दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज।
जागरण संवाददाता, पूराघाट (मऊ)। कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसामानोपुर गांव निवासी 83 वर्षीय सुरेंद्र राय उर्फ मकुन राय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बेटे की तहरीर पर पांच माह बाद हत्या का केस दर्ज किया है। इसमें सहजू राजभर व बृजराज राय को नामजद किया गया है।
भदसामानोपुर गांव निवासी बेटे अरविंद राय द्वारा दर्ज कराई प्राथमिकी के अनुसार वह 24 जून को घर से निकले थे। देर शाम तक वापस घर नहीं लौटे। दोस्तों व रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। 25 जून की सुबह फोरलेन तिराहे के पास एक गड्ढे में क्षत-विक्षत उनका शव देखा गया। पुलिस व ग्रामीणों की मौजूदगी में शव की पहचान सुरेंद्र राय के रूप में की गई थी।
बेटे ने पुलिस को जानकारी दी कि पिता खेती-बारी करते थे। बाग में सड़क के दोनों तरफ ताड़ के कई पेड़ हैं। पेड़ों से ताड़ी उतारने का काम सहजू राजभर व बृजराज राय को दिया गया था। आरोप है कि ताड़ी के रुपयों को लेकर दोनों से विवाद हुआ था।
इसके बाद पिता ने उन्हें ताड़ी उतारने से मना कर दिया था। इससे नाराज होकर दोनों ने उन्हें धमकी भी दी थी। शव मिलने के बाद पुलिस को जानकारी देते हुए अंतिम संस्कार कर दिया था। उस समय हत्या के पीछे किसी की भूमिका की जानकारी नहीं थी।
बाद में 12 जुलाई को परिचित विपिन कुमार राय ने बताया कि घटना वाले दिन सहजू राजभर और बृजराज राय को हथियार लेकर इटौरा डोरीपुर की ओर जाते और घटनास्थल से भागते हुए देखा गया था। इस जानकारी के आधार पर बेटे ने 20 नवंबर को दोनों पर हत्या का संदेह जताते हुए तहरीर देकर हत्या का केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष रोहन राकेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।