मऊ जिले में बुढ़ापे में सास-ससुर को आराम देने की जगह फ्लैट के लिए लड़ रही बहू
मऊ के परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को 43 मामले प्रस्तुत हुए, जिनमें से 9 का निस्तारण किया गया। एक मामले में बहू दीपमाला द्वारा सास-ससुर से अलग फ्लैट मांगने पर केंद्र ने उसे फटकार लगाई और साथ रहने की सलाह दी।

मऊ में परिवार परामर्श केंद्र ने बहू को सास-ससुर की सेवा करने की दी नसीहत।
HighLights
मऊ परिवार परामर्श केंद्र में 43 मामले प्रस्तुत हुए, 9 का निस्तारण हुआ।
बहू दीपमाला ने सास-ससुर से अलग फ्लैट की मांग की थी।
केंद्र ने बहू को सास-ससुर के साथ रहने की नसीहत दी।
जागरण संवाददाता, मऊ। परिवार परामर्श केंद्र में रविवार को 43 मामले प्रस्तुत हुए। इसमें नौ का निस्तारण किया गया तथा बीरबहादुर व सरिता, रिजवाना व मकसूद ने अपने शिकवे दूर कर एक साथ रहने का निर्णय लिया तथा सात फाइलें पैरवी के अभाव में बंद कर दी गईं। एक मामला कोपागंज थाने की रहने वाली दीपमाला व होसिला का आया।
दीपमाला अपनी सास व ससुर से अलग रहना चाहती है। दीपमाला के ससुर तेज नारायण गुजरात से आकर केंद्र के सामने उपस्थित होकर बताया कि मैंने गुजरात में लोन पर दो फ्लैट खरीदे। आज इस बुढ़ापे में काम कर लोन की किस्त भर रहा हूं। बड़े बेटे व बहू पहले ही एक फ्लैट लेकर अलग हो गए हैं। दूसरे फ्लैट के एक कमरे में मैं अपनी पत्नी के साथ रहता हूं।
अगर फ्लैट का दूसरा कमरा भी इनको दे दूंगा तो हम पति-पत्नी कहां जाएंगे? ससुर की बात सुन केंद्र के सदस्यों ने दीपमाला व होसिला को जमकर फटकार लगाई। केंद्र की अध्यक्ष अर्चना उपाध्याय ने कहा, सास-ससुर के साथ रहो, उनकी सेवा करो अन्यथा केंद्र तुम्हारी मदद करने के बजाय तुम्हारे खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसमें सर्वेश दूबे, शाहिद पेरिस, मौलवी अरशद, समरजीत यादव, पूनम पाल, राजलक्ष्मी त्रिपाठी, करिश्मा राय आदि शामिल थे।