बिजली व्यवस्था चरमराई, उपभोक्ताओं में आक्रोश
मुहम्मदाबाद गोहना विद्युत सब स्टेशन से पश्चिमी फीडर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश पनपता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विद्युत सब स्टेशन से पश्चिमी फीडर की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में काफी आक्रोश पनपता जा रहा है।
पश्चिमी फीडर से आजमगढ़ जनपद के कुल आठ और मऊ जनपद के छह गांवों को बिजली दी जाती है। इन दिनों यहां की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रात दिन मिलाकर मात्र तीन से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। इससे किसानों की धान की रोपाई प्रभावित हो रही है तो बुनकरों की रोजी-रोटी पर काफी असर पड़ रहा है। बुनकरी का कारोबार पूरी तरह से बंद हो चला है। लोग फांकाकशी की कगार पर पहुंच गए हैं। इस फीडर की आपूर्ति का कोई निर्धारित शेड्यूल नहीं रह गया है। बिजली आती भी है हो तो लो वोल्टेज की समस्या साथ लगी रहती है। इससे ट्यूबवेल और पावर लूम नहीं चल पाते हैं। मामूली फाल्ट पर भी अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। इससे लोगों के समक्ष पेयजल, प्रकाश, मोबाइल चार्ज आदि की समस्याओं से जूझना पड़ता है। विडंबना यह भी है कि बिजली बाधित होने पर उपभोक्ता जब विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को फोन लगाते हैं तो लगता नहीं है, अक्सर स्विच ऑफ रहता है। या फिर घंटी बजने पर रिसीव नहीं होता है। विभाग के इस मनमाने रवैए से उपभोक्ताओं में आक्रोश पनपता जा रहा है। वर्जन
वेस्ट फीडर से आजमगढ़ व मऊ जनपद के डेढ़ दर्जन गांव को विद्युत सप्लाई दी जाती है। विद्युत सब स्टेशन से गांवों की दूरी लगभग 15 किलोमीटर है। इतनी लंबी दूरी के कारण आपूर्ति कभी-कभार बाधित हो जाती है। उसे तत्काल चालू कराने का प्रयास किया जाता है। जब बिजली फाल्ट होने की जानकारी तत्काल नहीं मिल पाती है तो उसे ढूंढने में काफी समय लग जाता है। जैसे ही फाल्ट मिलता है उसे ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है।
-लालचंद यादव, जेई, विद्युत उपकेंद्र मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप