नेशनल हाईवे पर पेड़ गिरने से लगा जाम मऊ खबरें
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चंद कदम की दूरी पर उत्तर तरफ नेशनल हाईवे पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे हुई इस घटना से हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।
जागरण संवाददाता, कोपागंज (मऊ) : स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चंद कदम की दूरी पर उत्तर तरफ नेशनल हाईवे पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। मंगलवार को सुबह करीब आठ बजे हुई इस घटना से हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं हाईवे से गुजर रहा एक बाइक सवार भी बाल-बाल बच गया। वर्षों पुराना पेड़ गिरने से हाईवे के दोनों तरफ लंबा जाम लगने से अपने गंतव्य तक जाने वाले लोगों को काफी देर तक काफी मुसीबतें झेलनी पड़ीं।
सुबह हाईवे पर जाम लगने से खासकर स्कूली वाहन और कई रोडवेज बस व प्राइवेट वाहनों से जाने वाले यात्रियों और नौकरी पेशा वाले अपनी ड्यूटी पर समय से पहुंचने के लिए काफी हैरान-परेशान नजर आए। वहीं हाईवे के दोनों तरफ वाहनों के जाम में कई स्कूली वाहन भी काफी देर तक फंसे रहे। इसके चलते मंगलवार को नगर व आसपास के क्षेत्रों से हाईवे से होकर जिला मुख्यालय व आसपास के स्कूलों तक जाने वाले बच्चे काफी देर बाद स्कूल पहुंचे। पेड़ गिरने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक काफी मशक्कत के बाद पेड़ की डालों को काट अलग कर किसी तरह हाईवे को खाली किया तब जाकर जाम में फंसे सभी वाहन आगे बढ़ सके। उधर हाईवे पर पेड़ गिरने के बाद तत्काल पुलिस या वन विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। इससे वहां फंसे लोग काफी नाराज दिखे। वन विभाग मौके पर तत्काल पहुंचने की बजाय मौन साधे रहा। थोड़ी ही दूर पर स्थित थाने की पुलिस भी काफी देर बाद वहां पहुंची।