डीएम का आदेश ब्लॉक मुख्यालय के ठेंगे पर
रानीपुर (मऊ) स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय द्वारा किए गए ग्राम सचिवों के स्थानांतरण का जिला मुख्यालय ने कड़ा संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को नोटिस जारी करते हुए पूर्व के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है। उधर ब्लॉक मुख्यालय भी अपनी कारस्तानी से बाज नहीं आ रहा है। जिलाधिकारी का आदेश होने के बावजूद ब्लॉक मुख्यालय पर ग्राम सचिवों के मनमाने तैनाती की कार्रवाई चल रही है।
जागरण संवाददाता, रानीपुर (मऊ) : स्थानीय ब्लॉक मुख्यालय द्वारा किए गए ग्राम सचिवों के स्थानांतरण का जिला मुख्यालय ने कड़ा संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को नोटिस जारी करते हुए पूर्व के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है। उधर ब्लॉक मुख्यालय भी अपनी कारस्तानी से बाज नहीं आ रहा है। जिलाधिकारी का आदेश होने के बावजूद ब्लॉक मुख्यालय पर ग्राम सचिवों के मनमाने तैनाती की कार्रवाई चल रही है।
खंड विकास कार्यालय रानीपुर द्वारा फरवरी माह में बड़े पैमाने पर ग्राम सचिवों का ट्रांसफर किया गया। इसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी का कोई आदेश नहीं लिया गया। केवल खंड विकास अधिकारी ने अपने आदेश से लगभग कई दर्जन ग्राम पंचायतों को इधर-उधर बदल दिया। इससे लगभग 20 ग्राम पंचायतें प्रभावित हुई। इस स्थानांतरण का संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत राज विभाग द्वारा नाराजगी जाहिर की गई। इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी रानीपुर को नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा। निर्देशित किया कि पिछले सभी स्थानांतरण निरस्त करते हुए तत्काल ग्राम सचिवों को पुराने गांव आवंटित कर दिया जाए। हालांकि जिलाधिकारी द्वारा आदेश जारी किए हुए लगभग 20 दिन हो गया है। बावजूद इसके खंड विकास कार्यालय अपने पुराने स्थानांतरण आदेश पर ही कायम है।