2.54 लाख किसानों का डाटा होगा फीड
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन के सभाकक्ष में हुई।
जागरण संवाददाता, मऊ : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की बैठक बुधवार को जिलाधिकारी ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन के सभाकक्ष में हुई। इसमें उप कृषि निदेशक एसपी श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि जनपद में कुल 117 आपरेटर लगाए गए हैं। तहसील स्तर पर 41 तथा कलेक्ट्रेट में 13 आपरेटरों के माध्यम से डाटा फी¨डग का कार्य कराया जा रहा है। जनपद में कुल कृषक 2.54 लाख कृषकों का डाटा फीड किया जाना है। प्रथम कृषकों का फीड डाटा 24 फरवरी तक हो जाना है। सबसे कम डाटा फी¨डग विकास खंड फतेहपुर मंडाव में हुई है। जिलाधिकारी ने लगाए गए सभी आपरेटरों को डाटा तेजी से फीड कराने के निर्देश उपकृषि निदेशक को दिए। उन्होंने चेताया कि प्रधानमंत्री की अति महत्वपूर्ण यह योजना है। इसमें लापरवाही किसी भी दशा में क्षम्य नहीं होगी।
इसी क्रम में गौवंश संरक्षण की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से खुले में पशुओं की व्यवस्था के बारे में पूछा। इस पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में कुल 2117 पशुओं को रखा गया है। जनपद के सभी विकास खंड़ों में गौशाला बनाया गया है। जनपद में गणना के अनुसार 3.19 लाख पशु खुले में थे। इसमें से 2484 जानवर अभी बाहर है। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जितने भी पशु गौशाला में रखे गए हैं उनकी देखभाल अच्छे ढंग से होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने विकास कार्याें की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास की समीक्षा की। स्पोर्टस स्टेडियम के कमियों को पूर्ण करने के निर्देश जिला क्रिडा अधिकारी को दिया गया। शौचालय की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष 6700 बताई गई। इस पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप कृषि निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।