दीपावली पर गांवों में नहीं दिखी साफ-सफाई
दीपावली का पर्व भारतीय त्योहारों में विशेष महत्व रखता है। यह वह पर्व है जिसके माध्यम से जन समाज अपने घरों में समृद्धि की कामना करते है क्योंकि यह मुख्यत महालक्ष्मी की आराधना का पर्व है।
जासं, नदवासराय (मऊ) : दीपावली का पर्व भारतीय त्योहारों में विशेष महत्व रखता है। यह वह पर्व है जिसके माध्यम से जन समाज अपने घरों में समृद्धि की कामना करते है क्योंकि यह मुख्यत: महालक्ष्मी की आराधना का पर्व है। दीपावली के कई दिन पहले से ही गांव, कस्बों में रहने वाले लोग त्योहार के आगमन की प्रतीक्षा में घर की सफाई करना शुरू कर दिए थे। कच्चे मकानों की लिपाई-पुताई हुई, वहीं पक्के मकानों की रंगाई-पुताई का काम दीपावली के दिन तक चलता नजर आया। हर तरफ साफ सफाई का माहौल लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में नियुक्त सफाई कर्मी महत्वपूर्ण त्योहार पर भी मात्र हाजिरी देकर अपनी नौकरी पूरा कर लिए। कहीं भी साफ-सफाई की चमक-दमक देखने को नहीं मिली। आज भी क्षेत्र के तमाम ग्राम पंचायतों में गंदगी का अंबार व बजबजाती नालियां देखने को मिल रही है। संपर्क मार्गो एवं उसके किनारे ऊगे बड़े घास फूस की गंदगी फैली हुई है। बानगी है ग्राम पंचायत नदवासराय, भदीड़, नसोपुर, देवलास आदि। साफ सफाई के इस पर्व पर भी सफाई कर्मी अपनी चाल से चलते दिखाई दिए।