घाघरा में स्नान करते किशोर की डूबने से मौत
जागरण संवाददाता, सूरजपुर(मऊ) : दोहरीघाट थाना अंतर्गत इनामुद्दीनपुर रसूलपुर स्टेट के स्टेट
जागरण संवाददाता, सूरजपुर(मऊ) : दोहरीघाट थाना अंतर्गत इनामुद्दीनपुर रसूलपुर स्टेट के स्टेट के उत्तर तरफ घाघरा नदी में एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार की सुबह की है। डाला छठ पूजा हेतु वेदी बना कर स्नान करते समय यह हादसा हुआ। मृत्यु की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इनामुद्दीनपुर रसूलपुर स्टेट में 17 वर्षीय सूरज गोंड पुत्र भरत गोंड बुधवार की सुबह लगभग 6:30 बजे गांव से सटे उत्तर तरफ घाघरा नदी के किनारे डाला छठ व्रती अपनी मां किरण देवी के लिए वेदी बनाने के लिए गया था। स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया। नदी के किनारे वेदी बना रहे लड़कों ने शोर मचाते हुए इसकी सूचना गांव वालों व परिजनों को दिया। सूचना पाते ही गांव परिवार के लोग नदी के किनारे पहुंचे तथा नदी में तैर कर उसकी खोजबीन करने लगे। थोड़ी ही देर में उसका शव मिल गया। परिजनों ने उसे रसूलपुर स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाया। डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूरज गोंड ज्योति जन सेवा पब्लिक स्कूल रसूलपुर में कक्षा 10 का छात्र था।