मतदान में वृद्धि की चुनौती दे गए मुख्य निर्वाचन अधिकारी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने किसी मनीषी और संविधान के रक्षक की भूमिका का निर्वहन करते हुए आजादी के सत्तर वर्ष बाद भी लोकतंत्र के कमजोर होने और न्याय समता और बंधुत्व के प्रजातांत्रिक मूल्यों के कमजोर होने की विद्वत्तापूर्ण शैली में व्याख्या और विश्लेषण किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लेकर मंडलायुक्त तक के मतदान में वृद्धि के दावों को पूरा करने की चुनौती दिया।
जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने किसी मनीषी और संविधान के रक्षक की भूमिका का निर्वहन करते हुए आजादी के सत्तर वर्ष बाद भी लोकतंत्र के कमजोर होने और न्याय, समता और बंधुत्व के प्रजातांत्रिक मूल्यों के कमजोर होने की विद्वत्तापूर्ण शैली में व्याख्या और विश्लेषण किया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लेकर मंडलायुक्त तक के मतदान में वृद्धि के दावों को पूरा करने की चुनौती दिया।
सेमरी जमालपुर में स्वीप इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में मंगलवार को बलिया एवं मऊ के मतदाताओं को जागरूक करने को आयोजित कार्यशाला में मुख्य निर्वाचन अधिकारी वेंकटेश्वर लू ने कहा कि तेज धूप और लू का बहाना न करें। बांदा में यहां से अधिक तापमान और लू के बावजूद मतदान में दस फीसदी वृद्धि हुई है। प्रजातंत्र में वोट न करने वाला व्यक्ति मुर्दा है। सही प्रतिनिधि का चयन करने को प्रजातंत्र में समझदारी के साथ अनिवार्य रूप से मतदान करें। यदि कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं है तो भी मतदान करें और नोटा का बटन दबाएं। प्रजातंत्र को मजबूत करें। इसकी बड़ी महिमा है।दल और प्रत्याशी बदलते रहेंगे, मतइदाता बदलते रहेंगे पर यह देश और प्रजातंत्र हमेशा रहेंगे। संवैधानिक मूल्यों पर आधारित प्रजातंत्र की स्थापना को हर हाल में मतदान करें। मंडलायुक्त जगतराज ने बलिया में दस एवं मऊ में मतदान में बीस फीासदी की वृद्धि कर कीर्तिमान स्थापित किए जाने का दावा किया। उन्होंने आदर्श पोलिग बूथों सहित केंद्र पर छाया, टेंट, शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था कर मतदाताओं को हर सुविधा प्रदन किए जाने की जानकारी दी। अधिकारी निष्पक्ष हों और स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रयास करें।
जिलाधिकारी ज्ञानचंद त्रिपाठी ने महिलाओं को उनकी शक्ति का एहसास कराते हुए पुरुषों से अधिक मतदान करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए रक्तदान और स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान का स्लोगन दिया। पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने पुलिस आपके साथ है तो डरने की क्या बात है, का स्लोगन देकर सभी को मतदान हेतु प्रेरित किया। उन्होंने मतदान के दिन भरपूर पुलिस बल की व्यवस्था होने सहित अन्य तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। डीएम श्री त्रिपाठी एवं बीएसए ओपी त्रिपाठी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अब तक ली गई शपथ की प्रतिलिपि भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं मतदाताओं ने मतदान करने की शपथ ली। शिक्षिका सुलक्षणा एवं हेमलता के संचालन में इस समारोह में अपर जिलाधिकारी डीपी पाल, एसडीएम डा. सीएल सोनकर, खंड विकास अधिकारी हरकवंश प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार सिंह, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष विवेकानंद यादव एवं ब्लाक अध्यक्ष हरिकेश यादव सहित हरेक विभाग के कर्मचारी एवं बलिया और मऊ जिले के नागरिकों की भारी भीड़ उपस्थित रही।