पिछड़े व दलितों को पीछे छोड़ा भाजपा ने
समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में शनिवार को बारा, सियाबस्ती, आरीपुर आदि गांवों में पहुंच कर कार्यकर्ताओं ने चौपाल लगाई।
जागरण संवाददाता, वलीदपुर (मऊ) : समाजवादी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के क्रम में शनिवार को बारा, सियाबस्ती, आरीपुर आदि गांवों में पहुंच कर कार्यकर्ताओं ने चौपाल लगाई। इसमें पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार की सभी योजनाओं को बंद करके जनता को परेशान कर दिया है। आरक्षण में बंदरबांट कर पिछड़ों एवं दलितों को पीछे छोड़ दिया है।
प्रेमचंद यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अफसर बेलगाम हैं। आम जनता की कोई सुनने वाला नहीं है। सपा-बसपा के गठबंधन से सत्ता पक्ष के लोगों की नींद हराम हो गई है। अब मतदाता भी बीजेपी सरकार से ऊब चुका है। आने वाले लोकसभा के चुनाव में उसे जड़ से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। अमान अहमद ने बताया कि छात्रों को दी जाने वाली लैपटॉप योजना बंद करके भाजपा ने उनके विकास को रोक दिया है। इस अवसर पर रामशब्द यादव, अमान अहमद, प्रेमचंद यादव, रामप्रकाश यादव, रामू यादव, रामप्रताप यादव, मन्नान अहमद, अमीरुल्लाह खान, अजीत यादव, हबीबुर्रहमान, मुन्ना खान आदि थे।