मऊ में दुकान के दराज में छिपे विषैले सांप को सर्प मित्र ने पकड़ा
मऊ के मुहम्मदाबाद गोहना में एक किराना दुकान के दराज से विषैला सांप पकड़ा गया। सर्प मित्र संजय कुमार निषाद ने कई दिनों से छिपे सांप को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

मऊ में किराना दुकान के दराज से निकला विषैला सांप सर्प मित्र ने पकड़ा।
HighLights
मऊ की दुकान में छिपा था विषैला सांप।
सर्प मित्र संजय निषाद ने सांप को सुरक्षित पकड़ा।
परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जागरण संवाददाता, नदवासराय (मऊ)। कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के मुहम्मदाबाद-घोसी मार्ग स्थित धौरहरा बाजार में गुरुवार शाम एक किराना दुकान से विषैला सर्प पकड़ा गया। सर्प काफी दिनों से दुकान में छिपा था और स्वजन उसकी मौजूदगी से दहशत में थे। धौरहरा बाजार निवासी दीपचंद गुप्ता घर में ही किराना दुकान चलाते हैं।
दुकान में सर्प दिखाई देने पर परिवार के लोग उसे भगाने या पकड़ने की कोशिश करते थे, लेकिन वह लकड़ी के दराज में छिप जाता था। इससे उसे पकड़ना मुश्किल हो रहा था। गुरुवार शाम सर्प फिर दिखाई दिया तो परिवार ने घोसी कोतवाली क्षेत्र के चमरई गांव निवासी सर्प मित्र संजय कुमार निषाद को बुलाया। संजय मौके पर पहुंचे और सावधानी से सांप को पकड़ लिया।
इसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली। इसको देखने के लिए ग्रामीणों और बाजार के लोगों की भीड़ जुट गई। संजय उसे सुरक्षित अपने साथ ले गए। लोगों ने उनके साहस और सर्प पकड़ने के कौशल की सराहना की। डर लगने के सवाल पर संजय ने बताया कि वह काफी दिनों से यह काम कर रहे हैं। ऐसे जीवों को पकड़ने के लिए अनुभव और विशेष सावधानियां जरूरी हैं।