Boat capsize: घाघरा के तेज बहाव के बीच पीपापुल से टकराकर डूब गई नाव, 15 लापता
घाघरा नदी में नाव पलटने से शनिवार दोपहर 15 लोग लहरों में बहकर लापता हो गए, जबकि पांच लोगों ने तैरकर जान बचाई। नाव में करीब 20 लोग सवार थे।
मऊ (जेएनएन)। घाघरा नदी में नाव पलटने से शनिवार दोपहर 15 लोग लहरों में बहकर लापता हो गए, जबकि पांच लोगों ने तैरकर जान बचाई। हादसा तहसील थाना क्षेत्र के देवारा में परसिया देवारा गांव के सामने देवरिया की सीमा के पास हुआ। घटना का कारण नाव का पीपा पुल से टकरा जाना बताया जा रहा है। मौके पर देवरिया प्रशासन द्वारा राहत व बचाव का कार्य जारी था। देर शाम तक लापता लोगों में से किसी का भी पता नहीं चल सका था।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया के बरहज में घाघरा नदी में हुई नाव दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जिला प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य किए जाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने इसके अलावा कन्नौज की काली नदी में डूबने से बच्चों की मृत्यु पर भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के लिए संवदेना व्यक्त की है।
पुल पर पूरी तरह आवागमन ठप
देवारा में देवरिया जनपद के परसिया देवार में घाघरा नदी पर लोगों के आने-जाने के लिए पीपा पुल लगाया गया है। शुक्रवार को पीपा में पानी भर जाने से पीपा डूब गया। इससे पुल पर पूरी तरह आवागमन ठप हो गया था। लोग नदी पार आने-जाने के लिए नाव का प्रयोग कर रहे थे। शनिवार दोपहर लगभग एक बजे परसिया देवार में नदी किनारे लगी नाव करीब 20 लोगों को लेकर बरहज घाट देवरिया के लिए रवाना हुई। इसमें स्त्री पुरुष व बच्चे भी शामिल थे। नदी के बीच में पहुंचते ही तेज हवा की जद में आने से नाव टूटे पीपा पुल के पास पहुंच गई। पीपा पुल से टकराकर नाव के टूट कर पलट गई। नाव के पलटते ही अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगभग 15 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
गंगा में डूबी नाव, बालबाल बचे सवार
बलिया के नरहीं थाना क्षेत्र के कोटवानारायणपुर गांव के सामने बिहार की तरफ से शनिवार दोपहर में सवारियों को लेकर गंगा इस पार आ रही नाव अचानक बीच नदी में डूब गई। नाविकों की तत्परता से सभी को सुरक्षित बचा लिया गया। इस नाव में दर्जन भर लोग सवार थे। इसमें नौ लोग बैंड पार्टी के सदस्य थे। हादसे के बाद प्रशासनिक अमला पूरी तरह से सक्रिय हो गया। कुछ ही घंटों में पुलिस ने स्थानीय नाविकों के सहयोग से डूबी नाव बरामद कर लिया। घटना के बाद नाविक मौके से फरार हो गया।