कैबिनेट मंत्री के सामने महिला ने की आत्मदाह की कोशिश
संवाद सूत्र बरसाना कोरोना योद्धाओं का सम्मान करने नगर में शनिवार को पहुंचे कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के सामने एक महिला ने आत्मदाह करने की कोशिश की।
संवाद सूत्र, बरसाना : कोरोना योद्धाओं का सम्मान करने नगर में शनिवार को पहुंचे कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के सामने एक महिला ने आत्मदाह करने की कोशिश की। अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कते हुए महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री की सुपुर्दगी की मांग की। वह फिलहाल नारी निकेतन में रह रही है। पुलिस ने महिला के हाथ से तेल से भरी केन किसी तरह छुड़ाई।
नगर से एक किशोरी को दो माह पूर्व भाजपा नेता गिरधारी यादव का भतीजा लक्ष्मण बहला-फुसलाकर ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता ने थाना बरसाना में रिपोर्ट कराई थी। आरोपितों ने इस बीच किशोरी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। बरसाना पुलिस ने 20 मई को किशोरी को राणा की प्याऊ के पास से बरामद कर आरोपित को जेल भेजा था। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराए। अदालत ने किशोरी को नारी निकेतन भेज दिया। किशोरी की मां उसे अपनी सुपुर्दगी में देने की मांग कर रही है। बेटी के सिपुर्दगी में नहीं मिलने से लेकर मां खफा थी। शनिवार को जब कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी कोरोना योद्धाओं का सम्मानित कर रहे थे। उसी समय अचानक महिला मिट्टी के तेल से भरी केन लेकर पहुंच गई। महिला ने दबाव डालकर स्वजन के खिलाफ बयान दिलाने का आरोप लगाते हुए अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कने लगी। उसकी इस हरकत से कार्यक्रम में शामिल लोग दंग रह गए। पुलिस ने उसके हाथ तेल से भरी केन छुड़ाई। सीओ गोवर्धन जितेंद्र सिंह ने बताया कि महिला पुलिस पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। किशोरी अदालत के आदेश पर नारी निकेतन भेजी गई है। अदालत आदेश देगी तो उसे मां-पिता के सुपुर्द कर दिया जाएगा।