तलफी गढ़ी में फायरिग में एक की मौत, आठ घायल
प्लाट से ट्रैक्टर निकालने पर हुआ विवाद तमाशबीन की जान गई चार की हालत गंभीर सभी के गर्दन आंख और सिर में लगी गोलियां
संवाद सूत्र, बलदेव (मथुरा): गांव तलफी गढ़ी में सोमवार सुबह प्लाट से होकर ट्रैक्टर निकालने को लेकर दूसरे पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिग कर दी। जिसमें एक तमाशबीन की मौत हो गई। जबकि दोनों पक्षों के दो महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। चार का एसएन अस्पताल आगरा में इलाज चल रहा है। गांव में पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है।
खेत की जोताई कर घर लौट रहे विकास और सोनू अपना ट्रैक्टर रिटायर्ड सैनिक जगदीश सिंह के प्लाट से होकर ला रहे थे। जगदीश की पत्नी ने रोका, इसी बात पर कहासुनी हो गई। इस बीच जगदीश, उनका पुत्र मानवेंद्र के साथ लवकुश, जितेंद्र और पीतम सिंह भी पहुंच गए। इन लोगों ने विकास और सोनू से मारपीट कर दी। शोर सुनकर विकास के भाई हीरा सिंह, पत्नी अनीता, बहू मोहिनी, वीपी सिंह, सतीश, दुकानदार रूप सिंह, गांव नौंहा निवासी राजवीर भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि जगदीश पक्ष ने लाइसेंसी दोनाली बंदूक और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिग कर दी।
हीरा ने बताया कि करीब दस मिनट तक लोगों को निशाना बनाकर फायरिग की गई। गोली लगने से हीरा सिंह (40), सतीश (40), सोनू (18), वीपी सिंह (30), विकास (28), मोहिनी (22), रूप सिंह (25), राजकुमार (28) और अनीता (28) घायल हो गए। सभी के सिर, गर्दन, आंख और चेहरे पर गोलियां लगी हैं। जब उन्होंने घायलों को उठाने की कोशिश की, तो पथराव कर दिया। यूपी-112 पर संपर्क नहीं हो सका।
थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ पहुंच गए। वीपी सिंह, रूप सिंह, विकास और सोनू की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया। उपचार के दौरान रूप सिंह की मौत हो गई। घटना के समय रूप सिंह तमाशबीन था।
एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस बल तैनात कर दिया है, फिलहाल गांव में शांति हैं। कभी नहीं हुआ ऐसा झगड़ा
संतलाल ने बताया, पिछले दस-बारह साल में उनकी ग्राम पंचायत कंजौली घाट में इस तरह का झगड़ा नहीं हुआ। पहले झगड़ा होने पर गांव के ही लोग शांत कर लेते थे। सोमवार को तो किसी को बीच-बचाव करने का मौका ही नहीं मिला। बदले की भावना से हुआ झगड़ा :
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि करीब दो महीने पहले हीरा सिंह के स्वजन ने अपनी जमीन से होकर जगदीश पक्ष के लोगों को नहीं निकलने दिया था। इसके प्रतिशोध में ही आज की घटना हुई। उन्होंने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है। उपचार के दौरान रूप सिंह की मौत हो गई।