विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांदी की हटरी में विराजे राधावल्लभलाल, चौसर में राधारानी ने दी श्यामसुंदर को मात

By Vipin Parashar Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 09 Nov 2026 07:02 PM (GMT+05:30)

वृंदावन के ठाकुर राधावल्लभलाल मंदिर में दीपावली पर 300 साल पुरानी चौसर खेलने की परंपरा निभाई गई, जिसमें चांदी की ...और पढ़ें

चांदी की हटरी में विराजित राधा वल्लभ लाल और चौसर पर राधा रानी व श्याम सुंदर का प्रतिनिधित्व करते सेवायत।

चांदी की हटरी में विराजित राधा वल्लभ लाल और चौसर पर राधा रानी व श्याम सुंदर का प्रतिनिधित्व करते सेवायत।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। वृंदावन की भक्ति परंपराओं में प्रेम ही सबसे बड़ा उत्सव है और यहां आराध्य भी अपने भक्तों के भावों में बंधकर लीलाएं रचते हैं। दीपावली की पावन रात्रि में ठाकुर राधावल्लभलाल के मंदिर में ऐसा ही अलौकिक दृश्य साकार हुआ, जब ठाकुरजी चांदी की भव्य हटरी में महाराजा के राजसी स्वरूप में विराजमान हुए।

सामने चौसर की बिसात सजी और सेवायतों ने राधा-कृष्ण का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रेम की अनूठी शह-मात का खेल आरंभ किया। करीब तीन सौ वर्ष पुरानी इस परंपरा में अंततः राधारानी की विजय हुई। इस अलौकिक झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

दीपावली की रात मंदिर में ठाकुरजी के समक्ष चौपड़ बिछाई गई। आमने-सामने बैठे सेवायतों में एक ने श्रीकृष्ण तो दूसरे ने राधारानी का प्रतिनिधित्व किया। पासों की हर चाल के साथ मंदिर का वातावरण भक्ति और अनुराग से सराबोर होता रहा। रसिक भक्तों द्वारा गाए जाने वाले पद 'खेलत चौपर मैन की माई, हास सिगार भाव अनुराग की सार बनी सुखदाई...' के गायन ने इस लीला की आध्यात्मिक छटा को और गहरा कर दिया।

भगवान के सामने चौसर खेलते स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। अनेक भक्तों ने पहली बार ठाकुरजी की इस अनूठी लीला के दर्शन किए।

प्रेम की बिसात पर राधारानी की विजय

मंदिर के सेवायत मनमोहन गोस्वामी ने बताया कि चौसर का यह खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सखियों का अपने प्रियतम के प्रति लाड़ और निकुंज लीला का भावपूर्ण स्वरूप है। इसमें राधा-कृष्ण के प्रेम की मधुरता और सखियों का वात्सल्य भाव प्रकट होता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण प्रायः राधारानी से हारते हैं, लेकिन कई बार सखियां अपनी प्रियाजी को प्रसन्न करने के लिए श्यामसुंदर को विजय भी दिला देती हैं।

यह सब प्रेम बढ़ाने और दोनों के आनंद को प्रकट करने की लीला है। उन्होंने बताया कि चौसर में कभी पासों पर पौ बारह आती है तो कभी तीन दाने पड़ते हैं। सेवायत प्रियाजी और लालजी की ओर से चाल चलते हैं। अंत में जब राधारानी की विजय होती है तो मंदिर में जय-जयकार गूंज उठती है। इसे प्रियाजी की प्रेम रूपी विजय माना जाता है।

शयन आरती तक चली लीला

दीपावली पर चांदी की हटरी में विराजे ठाकुर राधावल्लभलाल के राजसी स्वरूप और चौसर की इस प्राचीन परंपरा ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। शयन आरती तक चली इस लीला ने एक बार फिर वृंदावन की उस रसोपासना का दर्शन कराया, जहां भगवान और भक्त के बीच प्रेम ही सबसे बड़ी पूजा और सबसे सुंदर उत्सव है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।