90 करोड़ की परियोजनाओं से बदलेगी वृंदावन धाम की तस्वीर, सड़कों पर सीसीटीवी और सुरक्षा पर रहेगा फोकस
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद वृंदावन को सुंदर, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए 90 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाओं पर काम कर रहा है।

वृंदावन परिक्रमा मार्ग में गुजरते वाहन। फोटो जागरण आर्काइव
HighLights
परिक्रमा मार्ग पर भवनों का एकरूप फसाड कार्य होगा।
प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
यमुना किनारे अक्रूर घाट का निर्माण, मार्ग सुंदरीकरण भी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र वृंदावन अब नए कलेवर में नजर आएगा। धार्मिक नगरी को सुंदर, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए कई बड़ी परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। परिक्रमा मार्ग के भवनों और आश्रमों को एकरूप स्वरूप देने के लिए फसाड कार्य कराया जाएगा। प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी, जबकि यमुना किनारे अक्रूर घाट का निर्माण और छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। इन चार प्रमुख परियोजनाओं पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने वृंदावन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए इन योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है। सबसे महत्वपूर्ण परियोजना पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग के सौंदर्यीकरण की है। इसके अंतर्गत मार्ग में पड़ने वाले भवनों, आश्रमों और अन्य संरचनाओं पर फसाड कार्य कराया जाएगा। इस पर 21.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 10.90 करोड़ रुपये अवमुक्त भी किए जा चुके हैं। योजना का उद्देश्य परिक्रमा मार्ग को एक समान स्थापत्य शैली में विकसित करना है, ताकि यहां ब्रज की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई दे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए वृंदावन में आधुनिक निगरानी व्यवस्था विकसित की जाएगी। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए शासन स्तर से आठ करोड़ रुपये की प्रारंभिक धनराशि जारी हो चुकी है। सभी कैमरों को केंद्रीयकृत कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इससे यातायात नियंत्रण, भीड़ की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी होगी।
यमुना के धार्मिक महत्व को देखते हुए अक्रूर घाट का भी विकास कराया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 6.35 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 3.17 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं। सिंचाई विभाग की देखरेख में बनने वाले इस घाट से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही यमुना किनारे की व्यवस्था भी व्यवस्थित होगी।
वहीं वृंदावन के प्रवेश मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इस परियोजना पर 40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत आधुनिक लाइटिंग, फुटपाथ, हरियाली और ब्रज संस्कृति को दर्शाती कलाकृतियों से सजी दीवारें विकसित की जाएंगी। इससे वृंदावन पहुंचने वाले पर्यटकों को प्रवेश करते ही धार्मिक नगरी का नया और आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा।
चार परियोजनाओं से बदलेगी वृंदावन की तस्वीर
40 करोड़ रुपये: छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सुंदरीकरण और सुदृढ़ीकरण।
21.80 करोड़ रुपये: परिक्रमा मार्ग के भवनों और आश्रमों पर फसाड कार्य।
6.35 करोड़ रुपये: यमुना किनारे अक्रूर घाट का निर्माण।
22 करोड़ रुपये: प्रमुख मार्गों और स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।