बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ के दबाव में चरमराई व्यवस्था, युवती की बिगड़ी हालत
गुरुवार को वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण व्यवस्थाएं चरमरा गईं, जिससे दर्शनार्थियों को काफी ...और पढ़ें

बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ी भीड़।
संवाद सहयोगी, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की चाह में गुरुवार को श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मंदिर क्षेत्र की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं। मंदिर तक पहुंचने वाली गलियां भक्तों की भीड़ से पट गईं। प्रवेश और निकास मार्गों पर कदम रखने तक की जगह नहीं बची। भीड़ के दबाव और आपाधापी के बीच श्रद्धालुओं को दो-दो घंटे तक रास्तों में जूझना पड़ा।
इस दौरान हाथरस निवासी 30 वर्षीय युवती ललिता की तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने के बाद वह बेसुध होकर गिरने लगी। श्रद्धालुओं ने उसे किसी तरह भीड़ से बाहर निकाला और चिकित्सकों तक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राहत मिली। भीड़ का असर बाजार पर भी पड़ा। मंदिर के आसपास की करीब दर्जनभर दुकानें दोपहर तक नहीं खुल सकीं।
गुरुवार सुबह मंदिर के पट खुलने से पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ गलियों में जमा होने लगी थी। पुलिस बैरियर से आगे बढ़ने की अनुमति मिलते ही कुछ श्रद्धालु दौड़कर आगे निकलने की कोशिश करते, लेकिन अगले बैरियर पर फिर लंबा इंतजार करना पड़ता। इस आपाधापी में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान नजर आए।
भीड़ के दबाव में फंसे लोगों का दम घुटने लगा और हलक सूखने लगे। गली नंबर तीन में हाथरस की ललिता की तबीयत बिगड़ने से अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे बाहर निकालकर उपचार दिलाया।
मंदिर आने वाले रास्तों पर हालात ऐसे रहे कि दुकानदार अपनी दुकानों तक नहीं पहुंच सके। नाश्ते की कुछ दुकानें खुली जरूर थीं, लेकिन वहां तक श्रद्धालुओं की पहुंच नहीं बन सकी। दोपहर में मंदिर के पट बंद होने तक करीब दर्जनभर दुकानें बंद रहीं। पट बंद होने के बाद भी हजारों श्रद्धालु दर्शन की प्रतीक्षा में रह गए और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
वीआइपी प्रवेश पर सेवायतों ने उठाए सवाल
मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने अव्यवस्थाओं के लिए समिति की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि चार नंबर प्रवेश द्वार से वीआइपी प्रवेश शुरू किए जाने के कारण भीड़ का दबाव और बढ़ा।
उन्होंने बताया कि समिति सदस्य एवं सेवानिवृत्त जिला जज मुकेश मिश्र सुबह करीब साढ़े दस बजे मंदिर पहुंचे तो हालात देखकर वीआइपी प्रवेश बंद करवाया। इसके बावजूद पुलिसकर्मी अपने वीआइपी को प्रवेश दिलाते रहे। सेवायतों के विरोध के बाद करीब एक घंटे बाद साढ़े 11 बजे सेवायतों के वीआइपी दर्शन की रसीद कटनी शुरू हुई।
व्यवस्थाओं पर फिर खड़े हुए सवाल
मंदिर में लगातार उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच गुरुवार की अव्यवस्था ने एक बार फिर भीड़ प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, आपात चिकित्सा और स्थानीय बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करना चुनौती बना रहा। सवाल यह है कि आस्था के इस बड़े केंद्र पर भीड़ के दबाव से निपटने के लिए स्थायी और प्रभावी व्यवस्था कब बनेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।