विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन समय पर तनातनी, भीड़ के बीच पिस रहे श्रद्धालु; लग रहीं लंबी लाइनें

By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 25 Nov 2026 11:25 PM (IST)

वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के समय को लेकर समिति और सेवायतों के बीच विवाद से भीड़ प्रबंधन की समस्या बढ़ गई है। तय समय से आधे घंटे देरी से पट खुलने के कारण श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे अव्यवस्था फैलती है।

बुधवार को बांकेबिहारी मंदिर के बाहर गली में लगी लाइनें।

बुधवार को बांकेबिहारी मंदिर के बाहर गली में लगी लाइनें।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन की समस्या सिर्फ श्रद्धालुओं की अत्याधिक भीड़ ही नहीं है, दर्शन समय को लेकर समिति और सेवायतों के बीच तालमेल न बन पाने भी इस अव्यवस्था की बड़ी वजह है। उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने शीतकालीन समय सारिणी में सुबह आठ बजे दर्शन शुरू करने का समय तय किया है, लेकिन मंदिर के पट साढ़े आठ बजे खुल रहे हैं।

आधे घंटे का यही अंतर मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ा रहा है। तय समय पर दर्शन की उम्मीद में सुबह से जुटे श्रद्धालुओं का इंतजार जैसे-जैसे बढ़ता है, वैसे-वैसे भीड़ का दबाव भी बेकाबू होने लगता है।

समिति की शीतकालीन समय सारिणी में सुबह आठ बजे दर्शन शुरू करने का समय निर्धारित है, लेकिन मंदिर में पट करीब साढ़े आठ बजे खुल रहे हैं। आठ बजे दर्शन की जानकारी होने के कारण श्रद्धालु सुबह सात बजे से ही मंदिर के आसपास पहुंचने लगते हैं। निर्धारित समय पर दर्शन शुरू नहीं होने से प्रतीक्षा कर रहे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जाती है।

पट खुलते ही एक साथ दर्शन की कोशिश में भीड़ का दबाव बनने लगता है। इसके बाद पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है। मंदिर में दर्शन के समय को लेकर स्पष्टता न होने का असर सुबह से दोपहर तक बना रहता है।

ऐसे में जरूरी है कि समिति और सेवायतों के बीच समय सारिणी को लेकर सहमति बने और श्रद्धालुओं को दर्शन शुरू होने का एक स्पष्ट समय बताया जाए। निर्धारित समय का पालन होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में भी मदद मिल सकती है।

सेवा-पूजा की परंपरा का भी रखना होगा ध्यान

उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी का कहना है कि सेवाधिकारी सुबह सात बजे मंदिर में प्रवेश करते हैं। कुछ सेवाधिकारी जल्दी शृंगार कर लेते हैं, जबकि कुछ को इसमें अधिक समय लगता है। ठाकुरजी के विश्राम में व्यवधान न हो, इसलिए गर्भगृह में जल्द प्रवेश नहीं किया जाता।

हर सेवाधिकारी जल्द से जल्द दर्शन खोलने का प्रयास करता है। उनका कहना है कि समिति को दर्शन समय में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने भी मंदिर की सेवा-पूजा में दखल नहीं देने के निर्देश दिए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।