विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अपनों की तलाश में वृंदावन पहुंचे लोगों ने संत प्रेमानंद के आश्रम के बाहर किया प्रदर्शन, पुलिस ने तीन को हिरासत में लिया

Published: Sun, 04 Oct 2026 04:14 AM (IST)

संत प्रेमानंद के शिष्य की आत्महत्या के बाद वृंदावन के श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के बाहर लापता अपनों की तलाश में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. लापता अपनों की तलाश में परिवारों का आश्रम के बाहर प्रदर्शन।

  2. प्रदर्शनकारियों से अभद्रता पर तीन आश्रम समर्थक हिरासत में।

  3. शिष्य की आत्महत्या मामले में हाईकोर्ट में SIT जांच की मांग।

जागरण संवाददाता, वृंदावन। संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण की आत्महत्या के बाद श्रीराधा केलिकुंज आश्रम के आसपास का माहौल बदल रहा है। दूसरे शहरों और राज्यों से लोग अपने लाडलों की तलाश में यहां पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को हाथरस, नोएडा और दिल्ली के परिवार पहुंचे थे।

शनिवार को कासगंज और महाराष्ट्र से लोग पहुंचे। अपनों के लापता होने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने प्रदर्शन किया। आरोप है कि आश्रम समर्थकों ने प्रदर्शन करने वाले परिवारों से अभद्रता की। पुलिस ने अभद्रता करने वाले तीन लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, हाथरस निवासी दीक्षित शिष्य अनुज चौधरी शनिवार को बरसाना में मिल गया।

स्वजन ने शुक्रवार को संत के आश्रम के बाहर धरना प्रदर्शन किया था। पूछताछ में अनुज ने बताया कि वह घर से वाराणसी चला गया था। चार दिन पहले बरसाना आ गया था। शनिवार दोपहर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर निवासी उज्जवला ताकपिरे अपने 20 वर्षीय बेटे ओम परमेश्वरी की तलाश में श्रीराधा केलिकुंज आश्रम पर पहुंचीं।

उन्होंने आश्रम प्रबंधन पर बेटे के बारे में जानकारी नहीं देने के आरोप लगाए। कासगंज निवासी चंद्रपाल चौहान अपने 16 वर्षीय बेटे मयंक सिंह चौहान, दिल्ली के नजफगढ़ निवासी अनीता सिंह अपने दस वर्षीय बेटे अंश, वृंदावन निवासी किशोरीलाल भी अपने 14 वर्षीय बेटे नवनीत की तलाश में आश्रम पहुंचे। उन्हें आश्रम के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे गुस्साए स्वजन बच्चों के फोटो के साथ आश्रम के बाहर प्रदर्शन करने लगे।

इस पर कुछ लोग वहां पहुंचे और खुद को संत प्रेमानंद का शिष्य बताते हुए स्वजन से अभद्रता की। पुलिस ने आश्रम समर्थक दिग्विजय, सचिन और अशोक कुमार को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी सुधांशु यादव ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों युवक समर्थक हैं, सीधे तौर पर आश्रम से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

आत्महत्या प्रकरण में हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर
संत प्रेमानंद के शिष्य की आत्महत्या प्रकरण में सामाजिक कार्यकर्ता ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करते हुए एसआइटी जांच की मांग की है। याचिका में सामाजिक कार्यकर्ता अधिवक्ता प्रह्लाद कृष्ण शुक्ला ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई है।

यह भी पढ़ें- संत प्रेमानंद की दीक्षा का बढ़ेगा इंतजार, अभी तक दो साल में होती थी पूरी अवधि, अब कठिन होगी परीक्षा