क्या पांच करोड़ रुपये लेकर संत प्रेमानंद के आश्रम आए थे विराट-अनुष्का? सामने आया कोहली का बड़ा बयान
विराट कोहली की टीम ने संत प्रेमानंद से मुलाकात के लिए पांच करोड़ रुपये लेने के आरोप को झूठा बताया ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
विराट कोहली की टीम ने 5 करोड़ रुपये के आरोप को झूठा बताया।
कोहली ने संत प्रेमानंद से अपनी आस्था और श्रद्धावश मुलाकात की।
प्रवक्ता ने आरोपों को निराधार बताया, मीडिया से जांच का आग्रह किया।
जागरण संवाददाता,मथुरा। संत प्रेमानंद से मुलाकात के लिए भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली द्वारा पांच करोड़ रुपये लिए जाने के आरोपी को कोहली की टीम ने झूठा करार दिया है। विराट कोहली के प्रवक्ता की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वह अपनी आस्था और श्रद्धा के कारण दर्शन को गए।
संत प्रेमानंद के शिष्य रसिक दुलारी शरण द्वारा संत के श्री राधा केली कुंज आश्रम के निकट स्थित गुरु कृपा कुंज अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से 25 सितंबर को आत्महत्या करने के बाद चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने आरोप लगाया था। दिनेश का आरोप था कि वर्ष 2023 में जब पहली बार भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली संत प्रेमानंद से मिलने आए तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देकर बुलाया गया था। इसी के बाद से संत प्रेमानंद की प्रसिद्ध बढ़ गई।
कोहली के प्रवक्ता ने जारी किया बयान
कोहली के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है की पांच करोड़ रुपये लेने का आरोप पूरी तरह झूठा है। हम स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि दिनेश शर्मा द्वारा विराट कोहली के संबंध में किए गए दावे पूरी तरह झूठे, निराधार और तथ्यों से परे हैं। विराट कोहली, महाराज जी के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा के कारण ही प्रेमानंद महाराज जी से मिलने जाते हैं।
प्रवक्ता का कहना है कि हम इन दावों का कड़ा खंडन करते हैं और मीडिया से आग्रह करते हैं कि वह ऐसी बातों को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की उचित जांच करे, उनकी सत्यता की पुष्टि करे और जिम्मेदारी के साथ समाचार प्रस्तुत करे।
