विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मथुरा में आ रहे हैं CM Yogi, ब्रज के विकास को नई योजनाओं पर होगा मंथन; जन्मस्थान के करेंगे दर्शन

By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 06 Mar 2026 08:11 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा आ रहे हैं, जहाँ वे उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।

जागरण संवाददाता, मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मथुरा आ रहे हैं। वह यहां उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। सीएम ब्रज के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर मंथन करेंगे।

मुख्यमंत्री की चर्चा के केंद्र में प्रमुख रूप से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर गलियारा की प्रगति और मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था होगी। सीएम श्रीकृष्ण जन्मस्थान के भी दर्शन करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर अधिकारी शुक्रवार को पूरा दिन तैयारियों में लगे रहे।

मुख्यमंत्री बनने के बाद अब तक 40 बार सीएम योगी आदित्यनाथ मथुरा-वृंदावन आ चुके हैं। सीएम योगी खुद उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अध्यक्ष हैं। परिषद विभिन्न विभागों से समन्वय कर ब्रज के विकास को कार्ययोजना तैयार करती है।

परिषद की आठवीं बैठक शनिवार को सीएम वृंदावन में गीता शोध संस्थान में स्थित यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय के सभाकक्ष में करेंगे। सीएम दोपहर सवा दो बजे वृंदावन पहुंचेंगे। यहां एक घंटे बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं पर मंथन करेंगे।

प्रमुख रूप से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर गलियारा को लेकर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। मुख्यमंत्री मथुरा-वृंदावन की ध्वस्त यातायात व्यवस्था को लेकर भी काफी चिंतित हैं। इसे लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है।

इसके बाद सीएम वृंदावन में श्रद्धालुओं के लिए रामकथा प्रवक्ता विजय कौशल जी महाराज द्वारा संचालित की जा रही अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण करेंगे। सीएम योगी इस बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान भी आ रहे हैं।

उन्होंने बीते वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जन्मस्थान पर ठाकुर जी के दर्शन किए थे। यहां करीब चार बजे से शाम 4.20 बजे तक सीएम रुकेंगे। इसके बाद वह वृंदावन के पवनहंस हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। डीएम सीपी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।