बारिश से खंभों में आए करंट से युवक की मौत
जेएनएन मथुरा लगातार हो रही बारिश से विद्युत खंभों में करंट उतर रहा है। कृष्णा कुंज
जेएनएन, मथुरा: लगातार हो रही बारिश से विद्युत खंभों में करंट उतर रहा है। कृष्णा कुंज कॉलोनी में रविवार को करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि वृंदावन में एक गाय मर गई। मथुरा, वृंदावन और शेरगढ़ में मकान और दीवार ढह गई। वहीं कोसीकलां और फरह की कई कॉलोनियों में जलभराव हो गया। घरों में पानी भर गया। हालांकि खरीफ फसलों के लिए बारिश फायदेमंद मानी जा रही है।
थाना रिफाइनरी क्षेत्र में रविवार को करीब चार बजे बिजली की खंभे पर लाइट सही करने के सीढ़ी लगाकर चढ़े कृष्णा कुंज निवासी विशाल खंभे में आए करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे पड़ोसी एक युवक लाइट सही कराने के लिए बुलाकर लाया था। सेठ भीकचंद गली में श्याम चतुर्वेदी का खाली पड़ा मकान गिर गया। हालांकि यह मकान पुराना था। शेरगढ़ में डॉक्टर मुकेश चंद्र गर्ग का मकान शनिवार की रात को हुई बारिश से फट गया। दीवार झुक गई। इसकी जानकारी डॉक्टर को लग गई। इससे वह अपने स्वजनों को लेकर बाहर निकल गए और बाद में दीवार को गिरवाया। वृंदावन के गौरानगर कॉलोनी में एक गाय विद्युत पोल के संपर्क में आ गई। उसमें करंट था। करंट से गाय की मौत हो गई। प्राचीन गोविद कुंड के घाट पर बनी दीवार ढह गई। रात में हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। कई कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आवाजाही में लोगों को दिक्कत हो रही है। बारिश खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद है।