ब्रजरज के प्रेम में पड़ राधा-कृष्ण के दीवाने हुये लालू के बेटे तेजप्रताप यादव
तेजप्रताप राधाष्टमी पर फिर दो दिन के लिए बरसाना आए हैं। वह अपनी श्री वृंदावनी फाउंडेशन से ब्रज को संरक्षित करने का इरादा बना चुके हैं।
मथुरा [नवनीत शर्मा]। राजद नेता लालू प्रसाद यादव के बेटे बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव ब्रजरज के प्रेम में पड़ राधा-कृष्ण के दीवाने हो चुके हैं। बीते एक वर्ष में वह दर्जनभर से अधिक बार कान्हा की भूमि पर आ चुके हैं। तेजप्रताप राधाष्टमी पर फिर दो दिन के लिए बरसाना आए हैं। वह अपनी श्री वृंदावनी फाउंडेशन से ब्रज को संरक्षित करने का इरादा बना चुके हैं।
यह संस्था ब्रज के लिए करीब 15 वर्ष से काम कर रही है। पिता जब रेलमंत्री थे, तब पहली बार उनका ब्रज आना हुआ। उसके बाद ब्रज के प्रति प्रेम बढ़ता गया। वे चुपचाप अपने चुनिंदा साथियों के साथ आते हैं और वृंदावन के अग्रसेन भवन में रुकते हैं। यहां से अलसुबह ही बरसाना निकल जाते हैं। इस भूमि पर उनका पूरा दिन बीतता है। 'जागरण से तेजप्रताप ने कहा कि ब्रज बहुत खूबसूरत है। यहां भगवान की लीला स्थलों को संरक्षित किया जाएगा।
अब ट्रेनों का संचालन समय से नहीं होता : मंगलवार को तेज प्रताप जंक्शन रेलवे स्टेशन पर पटना के लिए आरक्षण कराने के लिए आए तो उन्होंने यहां की साफ-सफाई की खूब तारीफ की, लेकिन ट्रेनों का संचालन समय से न होने की बात भी कही। पत्रकारों से बातचीत में पिता के रेलमंत्री रहते उनकी उपलब्धियों का बखान किया। उनके मुताबिक अब ट्रेनों का पहिया पटरी से उतर चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस दिन महागठबंधन तोड़ा, वह जनता के मन से उतर गए।