विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस्कॉन संस्थापक श्रील स्वामी प्रभुपाद की कहानी, 40 रुपये लेकर वृंदावन से निकले; दुनियाभर में गूंजा हरे कृष्णा

By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 12 Nov 2026 03:22 PM (IST)

श्रील प्रभुपाद ने वृंदावन से 40 रुपये लेकर अमेरिका की यात्रा की और सीमित संसाधनों से वैश्विक कृष्ण भक्ति आंदोलन ...और पढ़ें

श्रील एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की जीवंत प्रतिमा।

श्रील एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की जीवंत प्रतिमा।

संवाद सहयोगी, वृंदावन। वृंदावन की पावन धरा पर एक संत ने ऐसी साधना की, जिसकी गूंज सात समंदर पार तक पहुंची। राधादामोदर मंदिर की छोटी सी कुटिया में बैठकर जिस संकल्प का बीजारोपण हुआ, उसने आगे चलकर पूरी दुनिया में श्रीकृष्ण भक्ति की नई चेतना जगा दी।

यह कहानी है श्रील एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की, जिन्होंने सीमित साधनों और अटूट संकल्प के बल पर पश्चिमी देशों में सनातन संस्कृति, भगवद्गीता और हरे कृष्ण महामंत्र का संदेश पहुंचाया। आज दुनिया के अनेक देशों में भारतीय परिधान पहने, माथे पर तिलक लगाए और हाथों में मृदंग-मंजीरा लेकर हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते विदेशी भक्त उनके उसी संकल्प की जीवंत तस्वीर हैं।

श्रील प्रभुपाद ने वृंदावन में राधादामोदर मंदिर की कुटिया में साधना करते हुए श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश को विश्वभर तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उनके पास न कोई बड़ा आर्थिक संसाधन था और न ही विदेश में कोई परिचित आधार। लेकिन मन में श्रीकृष्ण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दृढ़ इच्छाशक्ति थी। इसी विश्वास के सहारे 13 अगस्त 1965 को लगभग 40 रुपये लेकर उन्होंने जलदूत जहाज से अमेरिका की यात्रा शुरू की।

समुद्री यात्रा के दौरान कई बार अस्वस्थता ने उन्हें घेरा। जहाज की डायरी में उन्होंने समुद्र की कठिन परिस्थितियों और श्रीकृष्ण के प्रति अपनी अटूट आस्था का उल्लेख किया है। मान्यता और उनके संस्मरणों के अनुसार, कठिन समय में उन्हें स्वप्न में श्रीकृष्ण का आश्वासन मिला कि वे उनके साथ हैं।

अमेरिका पहुंचकर उन्होंने हरे कृष्णा मूवमेंट की स्थापना की। देखते ही देखते गीता का ज्ञान, वैष्णव परंपरा और हरिनाम संकीर्तन पश्चिमी देशों में लोकप्रिय होने लगा। 1966 में इस्कान की स्थापना के बाद 11 वर्षों में उन्होंने विश्व के अनेक देशों की यात्राएं कीं और सौ से अधिक मंदिरों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। वर्ष 1972 में उन्होंने यहां कृष्ण-बलराम मंदिर की आधारशिला रखी, जिसका उद्घाटन 1975 में हुआ।

गोशाला और भक्तिवेदांत इंटरनेशनल गुरुकुल की स्थापना भी उनके वृंदावन प्रेम और दूरदृष्टि का हिस्सा रही। 13 नवंबर 1977 को उन्होंने इसी पावन धरा पर नश्वर देह त्यागी।

आज से शुरू होगा तीन दिवसीय तिरोभाव महोत्सव

श्रील प्रभुपाद की स्मृति में इस्कान वृंदावन में 12 से 14 नवंबर तक तीन दिवसीय तिरोभाव महोत्सव आयोजित होगा। मंदिर के प्रवक्ता रविलोचन दास ने बताया कि 12 नवंबर सुबह सात बजे श्रील प्रभुपाद की पालकी यात्रा के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। 13 नवंबर को समाधि पूजन, गुरु पूजन, मंगला आरती, चार प्रहर विशेष आरती, हरिनाम संकीर्तन और आध्यात्मिक संगोष्ठी होगी।

14 नवंबर को सुबह 11 बजे ओमेक्स से कृष्ण-बलराम रथयात्रा निकाली जाएगी। यह छटीकरा मार्ग से विद्यापीठ, अटल्ला चुंगी और परिक्रमा मार्ग होते हुए इस्कान गोशाला पहुंचेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।