जीत की रणनीति: सपा ने मथुरा की पांच विधानसभा सीटों पर नौ लड़ाके उतारे, समीकरण पर बदल सकते हैं चेहरे
विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही समाजवादी पार्टी ने मथुरा की पांच विधानसभा सीटों पर नौ दावेदारों को चुनावी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मथुरा। विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही समाजवादी पार्टी ने चुनावी तैयारी तेज कर दी हैं। भले ही सपा इस बार का भी चुनाव गठबंधन से लड़ेगी, लेकिन जिले की पांच विधानसभा सीटों पर नौ लड़ाके उतार दिए हैं। टिकट मांगने वाले इन नेताओं को लिखित में प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है, लेकिन चुनावी सरजमीं तैयार करने के साथ पूरी तैयारी से जुटने को कहा गया है। हालांकि गठबंधन में सीटों के बंटवारा एवं चुनावी समीकरण के बाद नए चेहरे भी सामने आ सकते हैं।
समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़ने वालों की भी कमी नहीं है। इसी का नतीजा है कि कई दावेदार सपा के बैनर से चुनाव लड़ने के लिए पार्टी हाईकमान की परिक्रमा लगा रहे हैं। इनमें कई ऐसे भी नेता हैं जो दूसरे दल के हैं। जिले में पांच विधानसभा सीट हैं। इनमें एक बलदेव सुरक्षित विधानसभा सीट है।
पूरी दमदारी से चुनाव लड़ने की तैयारी में सपा
सपा भी विधानसभा चुनाव को पूरी दमदारी से लड़ने की तैयारी में है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अभी तक जिले की किसी भी सीट पर अधिकृत रूप से प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, लेकिन पांच सीटों पर नौ दावेदारों को चुनावी तैयारी में जुटने को हरी झंडी दे रखी है। इनमें मथुरा व बलदेव विधानसभा क्षेत्र में दो-दो, गोवर्धन में तीन एवं अन्य दो विधानसभा क्षेत्र से एक-एक दावेदार को चुनावी तैयारी में जुटा दिया है।
ये प्रत्याशी करीब दो माह से क्षेत्र में चुनावी तैयारी में पूरी दमखम से जुटे हुए हैं। ये दावेदार अपने सजातीयों को तो मना ही रहे हैं, साथ ही अन्य जाति के लोगों को भी लुभा रहे हैं। गांवों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क कर रहे हैं। लोगों के दुख-सुख में भी भाग ले रहे हैं। साथ ही उनकी हरसंभव मदद का भी आश्वासन दे रहे हैं।
किसको कहां की जिम्मेदारी
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने बताया, मथुरा-वृंदावन विधानसभा सीट पर डा. अशोक अग्रवाल एवं नौहझील के कारोबारी अनिल अग्रवाल को चुनाव की तैयारी में जुटाया है। इसी तरह गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र से ठाकुर किशोर सिंह, प्रदीप चौधरी एवं कोसी खुर्द के महेश चंद्र उर्फ गोल्डी को चुनाव की तैयारी में जुटने को पार्टी द्वारा कहा गया है।
यह भी पढ़ें- 57 कॉलोनियों के 1200 घरों को नहीं मिलेगी LPG, 413 के कटे कनेक्शन; बरेली में बड़ी कार्रवाई
मांट की जिम्मेदारी संजय लाठर को दी गई
बलदेव सुरक्षित विधानसभा सीट पर रनवीर धनगर एवं तुलसीराम धनगर तथा छाता विधानसभा क्षेत्र में तैयारी के लिए लोकमणि जादौन से कहा गया है। मांट विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी संजय लाठर को दी गई है। उन्होंने बताया, पार्टी ने अभी किसी को प्रत्याशी घोषित नहीं किया है, केवल चुनाव की तैयारी में लगाया है।
