पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद बोले...मेरे राष्ट्रपति बनने में जगतगुरु की रही बहुत बड़ी भूमिका
वृंदावन के श्री राधाकृष्ण स्वर्ण मंदिर धाम में भाई मनदीप नागपाल का प्राकट्योत्सव मनाया गया, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ...और पढ़ें

वृंदावन के सिग्नेचर होटल में आयोजित दिव्यांग शल्य चिकित्सा जांच, चयन एवं नारायण लिंब माप शिविर को संबोधित करते पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद।
संवाद सूत्र, वृंदावन। श्री राधाकृष्ण स्वर्ण मंदिर धाम, वृंदावन में भाई मनदीप नागपाल जी का प्राकट्योत्सव अत्यंत श्रद्धा, भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति महामहिम रामनाथ कोविंद जी की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी, उत्तराखंड के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, महामहिम रामनाथ कोविंद की धर्मपत्नी एवं सुपुत्री सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। वृंदावन के प्रतिष्ठित संतों बालकानंद, नवलगिरि और भूपेंद्र गिरि सहित अनेक संत-महात्माओं की उपस्थिति में पूरा धाम आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का सबसे भावपूर्ण क्षण वह रहा, जब पूर्व राष्ट्रपति महामहिम रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में जगतगुरु महाब्रह्मर्षि कुमार स्वामी जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रपति पद तक पहुंचने में गुरुदेव की बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 22 वर्ष पूर्व, जब वे राज्यसभा सांसद थे, तब उनकी गुरुदेव से भेंट हुई थी।
उस समय स्थापित हुआ आध्यात्मिक और आत्मीय संबंध आज भी निरंतर बना हुआ है। महामहिम ने गुरुदेव के बीज मंत्र विज्ञान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोगों को रोगों से मुक्ति दिलाने का जो कार्य किया जा रहा है, वह अभूतपूर्व है।
उन्होंने गुरुदेव के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की। इस अवसर पर रामनाथ कोविंद जी ने अपनी धर्मपत्नी और पुत्री के साथ जगतगुरु के श्रीचरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रार्थना की कि गुरुदेव की कृपा और आशीर्वाद सदैव उनके परिवार पर बना रहे।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद हेमा मालिनी ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जगतगुरु के कार्यक्रम में उमड़ने वाली विशाल श्रद्धालु भीड़ पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति नहीं देखी। उन्होंने अपने पुराने वृंदावन प्रवास का एक प्रसंग भी साझा किया, जब वे यहां आई थीं और उन्होंने नृत्य प्रस्तुति दी थी।
हेमा मालिनी ने जगतगुरु से आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रार्थना की कि गुरुदेव का आशीर्वाद सदैव बना रहे, जिससे उन्हें मथुरा की और अधिक सेवा करने की शक्ति एवं संबल मिलता रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।