दिनभर रवि ने किया गर्म, शाम को बारिश बदल गई मिजाज
10 मिनट की वर्षा ने बढ़ा दी ठंड दोपहर में निकल रही थी चटख धूप
जागरण संवाददाता, मथुरा: बुधवार को सूर्यनारायण ने अपने तेज से मौसम को कुछ गर्म कर दिया था, लेकिन शाम को कुछ देर की बरसात ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया। वर्षा ने मौसम को फिर ठंडा बना दिया। सांय-सांय करती हवाओं का जोर एक बार फिर बढ़ने लगा।
बुधवार को अधिकतम 21 व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि शाम होते-होते मौसम ठंडा होता गया। करीब 4.30 बजे सूर्यनारायन बादलों में छिप गए। काले बादल मंडराने लगे। हवाओं का जोर बढ़ गया। एक दम से तेज बारिश होने लगी। दोपहिया वाहन पर चल रहे कई लोग भीग गए। हालांकि वर्षा लगभग 10 मिनट की थी, लेकिन मौसम को एकदम से पलटा गई। हवाओं ने फिर से सर्दी बढ़ा दी। व्यापारी सुमित ने बताया कि सुबह देखकर लग नहीं रहा था कि एकदम से बारिश हो जाएगी। यही कारण रहा कि वे कही जाते हुए भीग गए। इसके बाद ठंड और लगने लगी। इसी तरह छात्र मोहित ने बताया कि मकर संक्रांति से मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाता है। दोपहर को तेज धूप को देखकर यही लग रहा था। मगर, वर्षा ने मौसम का मिजाज ही बदल दिया।