पानी के बर्तन बजाकर विरोध-प्रदर्शन
संवाद सूत्र मथुरा कोसीकलां के वार्ड दो के देवनगर इलाके में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। एक माह से पेयजल आपूर्ति न होने से लोग हलकान हैं। समस्या के समाधान के लिए महिलाओं ने शुक्रवार को बर्तन बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया।
संवाद सूत्र, मथुरा : कोसीकलां के वार्ड दो के देवनगर इलाके में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है। एक माह से पेयजल आपूर्ति न होने से लोग हलकान हैं। समस्या के समाधान के लिए महिलाओं ने शुक्रवार को बर्तन बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया।
वार्ड दो के मुहल्ला देवनगर में एक माह से पानी का संकट है। गर्मी के कारण पानी की मांग अधिक हो रही है मगर न मिलने से लोग परेशान हैं। कई बार पालिका के जलकल विभाग से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिलता है। लोगों को खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। विभाग के इस रवैये को लेकर वहां के करीब तीस परिवारों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया है। महिलाओं ने खाली बर्तन बजाकर विरोध जताया। महिलाओं का कहना था कि पानी के बिना जीना मुश्किल हो गया है, लेकिन कोई सुनने को राजी नहीं है। चेयरमैन से भी इस समस्या को लेकर शिकायत की गई है, केवल आश्वासन ही मिले हैं। चेयरमैन नरेंद्र इंजीनियर ने बताया कि इस समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा। लाड़ली प्रसाद कौशिक, मिथलेश देवी, रामवती, निर्मला, प्रेमवती, सीमा, बबीता, श्यामवती, सुषमा, राधा, फूलवती आदि ने प्रदर्शन किया।