भाजपा चाहती है राम मंदिर का निर्माण हो: शुक्ला
प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा की केंद्र और यूपी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
जागरण संवाददाता, मथुरा: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मनीष मनीष शुक्ला ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण आस्था का प्रश्न है। भाजपा भी चाहती है कि राम मंदिर का निर्माण हो और मंदिर बनकर रहेगा।
उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव और आजम खां को अपने गिरेबां में झांकने की सलाह दी। आरएसएस को भाजपा मंत्रियों द्वारा रिपोर्ट कार्ड सौंपने के सवाल के वह टाल गए।
गो¨वद नगर स्थित सर्वेश्वरी सदन पर पत्रकारों से वार्ता में श्री शुक्ला ने केंद्र सरकार के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल का बखान किया। यूपी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। कहा कि भाजपा ने एजेंडा में किया हर वादा पूरा किया है। किसानों को फसलों का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य देने का वादा पूरा किया। सौभाग्य योजना में यूपी देश भर में प्रथम आया है। इसके तहत अब तक प्रदेश में 79 हजार से अधिक मजरों और 72 लाख कनेक्शन बांटे गए हैं। पूर्व में डार्क जोन में नलकूप का कनेक्शन दिए जाने पर प्रतिबंध था, सरकार ने यह प्रतिबंध हटा लिया है। इससे एक लाख लोगों को सीधे फायदा पहुंचेगा। छोटे व सीमांत किसानों के एक लाख रुपये तक के ऋण माफ किए गए हैं। सरकार ने वर्ष 17-18 में 35 करोड़ रुपये का गन्ना खरीदा और 27 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया। प्रदेश सरकार अब तक दो लाख लोगों को रोजगार दे चुकी है। मीडिया प्रभारी प्रदीप गोस्वामी, संजय शर्मा और श्याम चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
यमुना के सवाल पर बचे प्रदेश प्रवक्ता
जागरण संवाददाता, मथुरा: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता से पूछा कि सरकार का यमुना को शुद्ध करने का एजेंडा कहां गया। इस पर वह यह कहकर टाल गए कि उनकी जानकारी में नहीं है। प्रदेश प्रवक्ता से नगर निगम के फर्जी ओडीएफ के आंकड़ों को लेकर छिड़ी रार का सवाल पूछा तो बोले विषय की जानकारी नहीं है।