27 जून को ढाई घंटे वृंदावन में रहेंगे राष्ट्रपति कोविन्द
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 27 जून को वृंदावन आ रहे हैं। वह 2 घंटे 30 मिनट तक ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में रहेंगे
जागरण संवाददाता, मथुरा : राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 27 जून को वृंदावन आ रहे हैं। वह 2 घंटे 30 मिनट तक ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में रहेंगे। राष्ट्रपति ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के साथ ही कृष्णा कुटीर में निराश्रित माताओं से भी मुलाकात करेंगे। शुक्रवार को राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 27 जून की सुबह 8.30 बजे राष्ट्रपति भवन से चलेंगे और पालम एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह 9.45 बजे वृंदावन में कृष्णा कुटीर के सामने बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। 10.15 बजे राष्ट्रपति ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को जाएंगे। दर्शन के लिए बांकेबिहारी मंदिर के बाहर वीआइपी पार्किंग तक कार का काफिला जाएगा। यहां से मंदिर तक गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की जा रही है। करीब आधा घंटा मंदिर में रुकने के बाद वह 10.45 बजे कृष्णा कुटीर के लिए प्रस्थान करेंगे। 10.55 बजे राष्ट्रपति कृष्णा कुटीर पहुंचेंगे। यहां स्वल्पाहार करेंगे। 10.55 से 11.55 तक वह कृष्णा कुटीर में रहेंगे। यहां वह माताओं से मुलाकात करने के साथ ही उनके द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट के काम भी देखेंगे। सवा 12 बजे महामहिम दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। महामहिम के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी होने के बाद अफसरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
चमकाया कृष्णा कुटीर, रास्ते में वालपेंटिग कर रहे कारीगर
वृंदावन: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के सोमवार के वृंदावन दौरे को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही हैं। कृष्णा कुटीर महिला आश्रय सदन सजाया जा रहा है। कृष्णा कुटीर से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक के रूट की भी सजाया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी एक कंपनी को दी गई है। पूरे रूट पर वालपेंटिग के साथ चित्रकारी की जा रही है। शनिवार सुबह साढ़े सात बजे हेलीकाप्टर का ट्रायल किया जाएगा। देर शाम मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने अधिकारियों संग राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर बैठक की। इस दौरान अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के स्वागत के लिए तीर्थनगरी को सजाया जा रहा है। कृष्णा कुटीर से लेकर ठा. बांकेबिहारी मंदिर तक रास्ते को सजाने के लिए नगर निगम ने एक ईवेंट कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी है। राष्ट्रपति जिस रूट से गुजरेंगे, उस रूट पर खुलने वाली हर गली पर बैरीकेडिग कराई जाएगी। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने शुक्रवार देर शाम कलक्ट्रेट सभागार में डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर के साथ बैठक कर तैयारियों पर मंथन किया। इस दौरान अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
- बंदरों से सुरक्षा करेंगे चार लंगूर
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द सोमवार सुबह ठा. बांकेबिहारी मंदिर दर्शन करने पहुंचेंगे। मंदिर क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। इससे बचाव की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। नगर निगम ने चार लंगूर बंदरों की व्यवस्था की है। पुलिसकर्मी गुलेल से भी बंदर भगाएंगे। - मंदिर में बिछेगा रेड कारपेट
राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द के लिए ठा. बांकेबिहारी मंदिर को विशेष तौर पर सजाया जाएगा। मंदिर के मुख्य प्रवेशद्वार संख्या एक के सामने सीढि़यों से ही रेड कारपेट बिछाया जाएगा। मंदिर प्रांगण में भी रेड कारपेट से राष्ट्रपति गुजरेंगे।