पुलिस ने रुकवाई नाबालिगों की शादी
गोवर्धन (मथुरा): थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव बसौती में दो नाबालिग लड़कियों के विवाह
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा): थाना गोवर्धन क्षेत्र के गांव बसौती में दो नाबालिग लड़कियों के विवाह की तैयारियां पुलिस ने रुकवा दीं। पुलिस ने उनके परिजनों से लिखित में लिया है कि वह बाल विवाह नहीं करेंगे। साथ ही उन्हें कार्रवाई की हिदायत भी दी है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले ही शादी स्थगित कर दी है।
बल्लभगढ़ (हरियाणा) के गांव सोतही निवासी राजेंद्र अपनी दो नाबालिग बेटियों की शादी करने गांव बसौती आए थे। बरात जेवर (अलीगढ़) थाना क्षेत्र के गांव रौनीझा से बुधवार को आनी थी। बसौती में राजेंद्र की ससुराल है। उन्होंने विवाह की पूरी तैयारी कर ली। जानकारी मिलने पर फरीदाबाद पुलिस ने मथुरा पुलिस को अवगत कराया कि बसौती में दो नाबालिग लड़कियों की शादी कराई जा रही है। इस पर थाना गोवर्धन की राधाकुंड पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार भाटी और एसआइ दीपक तिवारी फोर्स के साथ बसौती पहुंच गए। पुलिस ने राजेंद्र ¨सह से बातचीत की, तो पता चला कि वह गरीबी और बीमारी के कारण यहां शादी करने आया है। बेटियों की शादी की जिम्मेदारी निभाना चाहता है। किसी कारणवश वह अब अपनी दोनों बेटियों की शादी नहीं कर रहा है। इस पर पुलिस ने उससे दोनों लड़कियों की शादी न किए जाने का लिखित पत्र भी ले लिया। साथ ही हिदायत दी कि बाल विवाह किया गया, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी ने बताया कि शादी की तैयारियां हो गई थीं, लेकिन इसे रुकवा दिया गया है।