विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PET में आसान सवालों ने खिलाए परीक्षार्थियों के चेहरे, मथुरा में 64.7% ने दी परीक्षा

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:03 AM (IST)

मथुरा में यूपीएसएसएससी पीईटी-2026 की परीक्षा में आसान प्रश्नपत्र देखकर परीक्षार्थियों को राहत मिली। रविवार को 64.7% उपस्थिति के साथ ...और पढ़ें

परीक्षा के लिए लाइन में खड़े अभ्यर्थीी।

परीक्षा के लिए लाइन में खड़े अभ्यर्थीी।

HighLights

  1. पीईटी-2026 परीक्षा में आसान प्रश्नपत्र से परीक्षार्थी खुश।

  2. मथुरा में 64.7% उपस्थिति, परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई।

  3. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित की गई।

जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में रविवार को परीक्षार्थियों के चेहरों पर संतोष नजर आया। प्रश्नपत्र आसान होने और सवाल पाठ्यक्रम के अनुरूप पूछे जाने से अभ्यर्थियों को राहत मिली। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र में घुमावदार सवाल नहीं थे और पेपर अच्छा हुआ है। जिले के 33 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 64.7 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
पीईटी परीक्षा जिले में रविवार के साथ ही 30 अक्टूबर व एक नवंबर को भी आयोजित की जाएगी। तीनों दिन छह पालियों में जिले के 33 केंद्रों पर 84816 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हर पाली में 14136 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

जिले के 33 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई परीक्षा

परीक्षा के पहले दिन रविवार को पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष पहली पाली में 9137 व दूसरी पाली में 9163 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। सुबह 10 से 12 व दोपहर तीन से पांच बजे दो पालियों में हुई परीक्षा में एक केंद्र पर अधिकतम 480 परीक्षार्थी आवंटित किए गए। जिससे केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ नजर नहीं आई।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। प्रवेश से पहले उनके बाल, कपड़े और जूतों की भी बारीकी से तलाशी ली गई। उनके एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों का मिलान किया गया। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या किसी भी तरह के इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहा। इन्हें केंद्र के बाहर सुरक्षित रखवाया गया।

यह भी पढ़ें- UPSSSC PET 2026: महिला अभ्यर्थियों के जूड़े तक खुलवाए, हाथरस में कड़ी चेकिंग के बाद प्रवेश

डीएम ने लिया सेंटर पर व्यवस्थाओं का जायजा

परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा। डीएम सीपी सिंह ने सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज व चंपा अग्रवाल इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से कक्षों में चल रही गतिविधियों काे देखा। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को व्यवस्थाओं में शिथिलता न बरतने की हिदायत दी।

पुलिस बल रहा तैनात, बंद रहे फोटोकॉपी और साइबर कैफै

परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर दायरे में फोटोकॉपी व साइबर कैफे बंद रखे गए व केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षा के नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। अनुचित साधन का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।

सामान्य अध्ययन का भाग काफी संतुलित था, जिसमें इतिहास और भारतीय संविधान से सीधे प्रश्न पूछे गए थे। हालांकि, करंट अफेयर्स के कुछ प्रश्नों ने थोड़ा उलझाया। अगर किसी ने पिछले छह महीनों की घटनाओं को ध्यान से पढ़ा है, तो उसका पेपर निश्चित रूप से बहुत अच्छा गया होगा।

-

हिमांशु, झांसी

हिंदी और अंग्रेजी का भाग उम्मीद के मुताबिक काफी आसान और स्कोरिंग रहा। गद्यांश पढ़कर उत्तर देना सरल था। ग्राफ और तालिका से जुड़े गणितीय प्रश्नों ने थोड़ा अधिक समय लिया, लेकिन समग्र रूप से प्रश्नपत्र का स्तर मध्यम और पाठ्यक्रम के अनुकूल था।

-

क्षितिज, झांसी

रीजनिंग और लाजिक के सवाल काफी आसान थे, जिन्हें हल करने में ज्यादा समय नहीं लगा। गणित में कुछ गणनाएं थोड़ी लंबी थीं, जिससे समय प्रबंधन की चुनौती रही। केंद्र पर सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था अच्छी थी, जिससे तनावमुक्त होकर पेपर देने में मदद मिली।

-

अंजलि यादव, मैनपुरी