छात्र-छात्राओं के ग्रुप में डाली अश्लील सामग्री
वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानाध्यापिका से कार्रवाई के लिए कहा गया है।
संवाद सहयोगी, मथुरा : प्राथमिक विद्यालय के एक ग्रुप में अश्लील सामग्री डाल दी गई है। इस प्रकरण के संज्ञान में आने के बाद खलबली मच गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रधानाध्यापिका से कार्रवाई के लिए कहा गया है।
राल के एक प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के लिए विद्यालय परिवार नाम से ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप में करीब डेढ़ दर्जन छात्र-छात्राएं जुड़े हुए हैं। सोमवार को इस ग्रुप पर अश्लील सामग्री देख खलबली मच गई। यह अश्लील सामग्री कक्षा तीन के एक छात्र के अभिभावक द्वारा डाली गई थी। प्रधानाध्यापिका द्वारा अभिभावक को विद्यालय में बुलाया भी गया। अभिभावक ने बताया कि फोन घर पर था, किसी ने गलती से यह कर दिया है। अभिभावक ने माफी भी मांगी है। इस संबंध में प्रधानाध्यापिका ने खंड शिक्षाधिकारी को भी अवगत कराया है। खंड शिक्षाधिकारी जेपी सुमन ने बताया कि ग्रुप में अश्लील सामग्री डालने का प्रकरण संज्ञान में आया है। प्रधानाध्यापिका से कार्रवाई के लिए कहा गया है। थाना प्रभारी वृंदावन अनुज कुमार ने बताया कि इस संबंध में अभी कोई शिकायती पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।