मथुरा डीएम का कड़ा रुख: आईजीआरएस में लापरवाही पर 15 अधिकारियों को नोटिस
मथुरा के डीएम सीपी सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर 15 अधिकारियों को कारण ...और पढ़ें

बैठक के दौरान डीएम सीपी सिंह व अन्य।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मथुरा। डीएम सीपी सिंह ने मंगलवार को राजस्व और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में कड़े तेवर दिखाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम ने जिले के 15 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।
शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की दी सख्त हिदायत
डीएम ने एलडीएम, सीएमओ, बीएसए, डीआईओएस, जिला युवा कल्याण अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा विभाग), एएमए जिला पंचायत, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एडीओ पंचायत राया, अधिशासी अभियंता सिंचाई मांट ब्रांच सहित फरह, राधाकुंड व नंदगांव के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिए हैं। साथ ही इन्हें पोर्टल पर शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की सख्त हिदायत दी है।
सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में में रहें उपस्थित
डीएम ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक अपने कार्यालय में उपस्थित रहकर जनता की समस्याएं सुनें। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि ही प्राथमिकता है और लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
अनुपस्थित अधिकारियों पर भी कार्रवाई के दिए निर्देश
राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी एसडीएम को फार्मर्स रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने, राजस्व वादों का समय से निस्तारण करने और पांच साल से अधिक समय से लंबित मुकदमों को अभियान चलाकर खत्म करने को कहा। उन्होंने स्टांप, विद्युत, परिवहन, खनन और आबकारी विभागों को राजस्व वसूली का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने का आदेश दिया।
बैठक में एडीएम वित्त डॉक्टर पंकज कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन समेत सभी एसडीएम और तहसीलदार मौजूद रहे।
