कोरोना का संक्रमण फैला, फॉगिग का घटा बजट
मथुरा नगर निगम क्षेत्र में लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय शहर में कीट
संवाद सहयोगी, मथुरा : नगर निगम क्षेत्र में लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय शहर में कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करवाता है। इस पर निगम पूरे वर्ष लाखों रुपये खर्चा करता है। मगर इसके बाद भी वर्तमान में शहर के कई इलाके आज भी निगम द्वारा कराई जाने वाली फॉगिग और कीटनाशक दवाई के छिड़काव से वंचित हैं। वहीं एक ओर जहां कोरोना काल चल रहा है तो दूसरी और निगम प्रशासन ने इसका इस बार बजट भी घटाकर 15 लाख से 10 लाख रुपये कर दिया है।
दरअसल, शहरवासियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखने हुए निगम फॉगिग और कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव करवाता है। इससे लोगों को गंदगी से पैदा होने वाले मच्छर और उनसे होने वाले संक्रामक रोगों से मुक्ति मिलती है। यह कार्य शहर के सभी वार्डों निगम के कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। इस पर निगम अब तक पूरे साल में 15 लाख रुपये खर्च करता था।
- निगम द्वारा फॉगिग के लिए प्रत्येक वार्ड का दिन निर्धारित है। वहीं कीटनाशक दवाई का छिड़काव भी अधिकांश पूरे शहर में करवाया गया है। यदि इसके बाद भी कोई क्षेत्र बकाया है तो वह सीधे मुझे फोन पर सूचित कर सकता है।
डॉ. मुकेश आर्यबंधु, महापौर
- इस समय जिम्मेदारों को अधिक सक्रियता दिखानी चाहिए। मगर निगम कर्मचारियों की कार्यशैली से लगता है कि लोगों के स्वास्थ्य के प्रति वे जिम्मेदार नहीं है। कर्मचारियों को समय-समय पर छिड़काव भी करवाना चाहिए।
राजवीर सिंह वर्मा, कांतापुरी
- हमारे यहां अभी तक कोई कर्मचारी दवाई का छिड़काव करने नहीं आया और न ही हमने किसी को देखा। कोरोना के समय बुजुर्गों को सबसे अधिक बीमारियों का खतरा बना है।
शिवदेवी, धौली प्याऊ
- हमारे क्षेत्र में करीब डेढ़ महीने पहले दवाई का छिड़काव करवाया गया था। इसके बाद कभी नहीं हुआ। कोरोना काल मे निगम को महीने में कम से कम से दो बार फॉगिग और दवाई का छिड़काव करवाना चाहिए।
देवकीनंदन सैनी, जनकपुरी