नंदबाबा मंदिर के भंडारी की बरसाना में हत्या
-बांग्लादेशी संत का सुबह राधा विनोद आश्रम की रसोई में मिला खून से लथपथ शव जागरण संवाददाता,
-बांग्लादेशी संत का सुबह राधा विनोद आश्रम की रसोई में मिला खून से लथपथ शव
जागरण संवाददाता, मथुरा: नंदबाबा मंदिर के भंडारी की गुरुवार की रात धारदार हथियारों से गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उनका खून से लथपथ शव राधाविनोद आश्रम की रसोई में पड़ा मिला। उनके दोनों पैर भी काटकर फेंक दिए गए थे। सनसनीखेज वारदात से बरसाना में प्रिया कुंड इलाका दहशत में आ गया।
बरसाना के राधा विनोद आश्रम में रह रहे कृष्ण गोविंद दास (40) का शव आश्रम की रसोई में पड़ा मिला। उनके शरीर को चाकुओं से गोदा गया था। सड़क पर आश्रम के पास ही खून बिखरा हुआ था। खून को देख कर लोगों को शक हुआ। आश्रम में जाकर देखा तो कृष्ण गोविंददास मृत पड़े थे। सनसनीखेज हत्या से प्रिया कुंड इलाके में दहशत फैल गई। माना जा रहा है कि पहले बाबा से बाहर झगड़ा हुआ है और वहीं उन्हें घायल किया गया है। रसोई में ले जाकर संत की हत्या कर दी गई। पड़ोसियों ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे बाबा ने विनोद बाबा के नाम से आवाज लगाई थी। इसके बाद क्या हुआ किसी को कुछ पता नहीं चला। पड़ोसी आश्रम में रह रहे साधुओं ने बताया कि कृष्ण गोविंददास मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले थे। पंद्रह साल से वह नंदगाव और बरसाना में रहते थे। पिछले तीन साल से वह बरसाना के राधा विनोद आश्रम में अकेले रह रहे थे। नंदगाव के नंदबाबा मंदिर में फूल सेवा करते थे। उनको नंदगाव मंदिर का भंडारी कहा जाता था। इंस्पेक्टर सुनील तोमर ने बताया कि संत की हत्या की गई है लेकिन हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।