हर सुबह बताती खेत में खनन की कहानी, चौंक जाते किसान
रात में माफिया खोद रहे मिट्टी, दौड़ती हैं ट्रैक्टरों की कतारें, सुबह किसानो को होती जानकारी, शिकायत पर भी पुलिस है खामोश
संवाद सूत्र, लक्ष्मी नगर: यमुना पार के किसान परेशान हैं। सुबह जब खेत में जाते हैं तो पांच से छह फुट गहरे गड्ढे देख चौंक जाते हैं। ये गड्ढे माफिया द्वारा रात में कराए जा रहे खनन के होते हैं। किसानों ने पुलिस से शिकायत भी की, मगर कोई अंकुश नहीं लग पाया।
महावन तहसील के थाना जमुनापार के गांव रावल बांगर, गोपालपुर, अजय नगर से मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। खनन माफिया बिना अनुमति के देर रात से सुबह सूरज निकलने से पहले तक दबंगई से खेतों से मिट्टी का खनन कर रहे हैं। यह मिट्टी लक्ष्मी नगर, लोहवन, गोकुल, महावन, मथुरा-वृंदावन में बन रहीं कॉलोनियों में महंगे दामों पर बेची जा रही है।
रावल के किसान उमेश का कहना है खनन माफिया रात भर खेतों से खनन करते हैं। इसकी शिकायत थाना जमुनापार में की गई। मगर, खनन बंद नहीं कराया गया। माफिया किसानों के खेतों में जबरन जेसीबी से गहरा गड्ढा कर मिट्टी ले जा रहे हैं। इससे किसान रात में अपने खेतों पर पहरा देने को मजबूर हैं। -क्षेत्र में खनन करने की अनुमति किसी को नहीं दी गई है। अगर खनन किया जा रहा है तो अवैध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उपमा पांडेय, एसडीएम, महावन