संत समागम में पहली बार शामिल होगा किन्नर अखाड़ा
किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर ने रखा प्रस्ताव अधिकारियों से मुलाकात कर शिविर के लिए करेंगे आवेदन
संवाद सहयोगी, वृंदावन: हरिद्वार कुंभ से पहले वृंदावन में यमुना किनारे होने वाले संत समागम (कुंभ) में वैष्णव संतों की ही अब तक मौजूदगी रही है। इस बार किन्नर महामंडलेश्वर ने इस बार संत समागम में अपना शिविर लगाने की मंशा जाहिर की है। संतों और प्रशासन की अनुमति मिली तो पहली बार किन्नर अखाड़े को संत समागम में जगह मिलेगी।
किन्नार अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी दास ने बुधवार को बताया वे संत समागम (कुंभ) में अपनी सहभागिता करने का मन बना चुकी हैं। इसके लिए मेलाधिकारी नागेंद्र प्रताप से भी मुलाकात हो गई है। अब हमें अपने अखाड़े का प्रस्ताव उन्हें देना है। इसके बाद संत समागम में अखाड़े का शिविर लगाने की तैयारियां शुरू कर देंगे। कहा, ठा. बांकेबिहारी का आशीर्वाद रहा तो निश्चित तौर पर संत समागम में किन्नर अखाड़ा शामिल होगा। संत समागम में सहभागिता करना उनका सौभाग्य होगा। इस भूमि पर स्वयं भगवान राधाकृष्ण ने लीलाएं की थीं। यहां देश भर के वैष्णव संतों का सान्निध्य भी मिलेगा। विदित हो प्रयागराज कुंभ में हिमांगी दास को किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर की उपाधि मिली थी। संत समागम: यमुना किनारे से हटाया अतिक्रमण
वृंदावन: संत समागम (कुंभ) की तैयारियों में जुटे नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को यमुना के घाटों से अतिक्रमण हटवाया, साथ ही भूमि को समतलीकरण करना शुरू कर दिया।
अपर नगर आयुक्त सतेंद्र कुमार तिवारी के निर्देशन में बुधवार को नगर निगम की टीम यमुना किनारे पहुंची। यहां केशीघाट, चीरघाट, श्रृंगारवटघाट, वंशीवट घाट के अलावा परिक्रमा मार्ग से अस्थाई अतिक्रमण को हटाया। इसके साथ ही यमुना तट पर भूमि का समतलीकरण शुरू कराया। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि यमुना किनारे विशेष सफाई अभियान की शुरुआत भी की है। राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, लेखपाल अश्विनी पांडे, कर प्रभारी श्रीगोपाल वशिष्ठ, गोपाल शर्मा, विवेक शर्मा, सौरभ अग्रवाल मौजूद रहे