ब्रज के वन बनेंगे जैव विविधता का केंद्र, मथुरा में एक बार फिर द्वापर युग जैसा होगा अहसास
मथुरा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर 36 वन विकसित कर द्वापर युग को जीवंत किया जा रहा है। ...और पढ़ें

मथुरा में अलग अलग प्रजातियों के पौधे रोप वन विकसित किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, मथुरा। कान्हा की नगरी में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने के साथ द्वापर युग जीवंत किया जा रहा है। 36 वन विकसित किए जाएंगे। ये कार्य चरणबद्ध हो रहा है। पहले चरण में पांच वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्य हो चुका है। अब दूसरे चरण में गोवर्धन एवं वृंदावन क्षेत्र में पांच वन चिह़नित किए गए हैं। यहां बबूल के पेड़ हटाने का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके बाद पौधारोपण किया जाएगा।
इन वनों को जैव विविधता का केंद्र बनाया जाएगा। यहां औषधीय, फलदार एवं श्रीकृष्ण के प्रिय प्रजाति के पौधे रोपे जाएंगे। वर्ष 2022 से धर्म की नगरी में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पहले पांच करोड़ श्रद्धालु सालभर में आते थे, अब यह आंकड़ा नौ करोड़ पार कर गया है। इसको लेकर संसाधन कम पड़ गए तो यहां सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सड़क मार्ग, हेरिटेज, सुंदरीकरण आदि कार्य कराए जा रहे हैं।
उप्र तीर्थ विकास परिषद द्वारा कान्हा की नगरी द्वापरयुग जैसी नजर आए, इसके लिए 36 वन विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की। इस कार्ययोजना पर वन विभाग काम कर रहा है। 36 वन विकसित करने का कार्य वन विभाग कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा भी वन तैयार करने में बाधा बन रहे बबूल के पेड़ काटने की अनुमति दे दी है।
पहले चरण में सुनरख वन, अहिल्यागंज नगर वन प्रथम व द्वितीय, सकीतरा, गोवर्धन ब्लाक एवं गोरखा वन तैयार किए गए। दूसरे चरण में कोसीकलां के रूपनगर, शेरनगर में दो, नंदगांव, जतीपुरा में वन विकसित किए जाएंगे। यहां कुल एक लाख पांच हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वहीं वन विभाग ने केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान मखदूम एवं बाद स्थित बीएसएफ की भूमि परिसर में जैव विविधता समेत कई वाटिकाएं विकसित की हैं।
इसके लिए करार किया गया है। ये वाटिकाएं 42 हेक्टेअर भूमि में विकसित की हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी अतुल तिवारी ने बताया, अनुसंधान के 30 और बीएसएफ के 12 हेक्टेयर भूमि पर नक्षत्र, राशि, बलिदानी, औषधीय, जैव विविधता समेत विभिन्न वाटिकाएं विकसित की हैं। यहां 40 प्रजाति के पौधे रोपे गए हैं।
इनमें श्रीकृष्ण की प्रजाति के अलावा, औषधीय, फल, फूल एवं जैव विविधता संबंधी पौधे शामिल हैं। ये वाटिकाएं माडल बनेंगी। ये पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।