नए साल पर सुरक्षा का कड़ा रहेगा घेरा
पुलिस ने शुरू किया चेकिग अभियान संदिग्धों से की जा रही पूछताछ
जागरण संवाददाता, मथुरा: नए साल पर सुरक्षा का घेरा कड़ा कर दिया गया है। गुरुवार की शाम को पुलिस ने जिले भर में तिराहे-चौराहे पर चेकिग अभियान शुरू कर दिया था। बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मंदिरों पर भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
नए साल पर वृंदावन और गोवर्धन करीब तीन लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। बरसाना, गोकुल और बलदेव भी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने क लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। शाम को पुलिस ने प्रमुख तिराहे-चौराहों पर वाहनों की चेकिग शुरू कर दी थी। संदिग्ध वाहनों को रोककर उनसे पूछताछ की जा रही है। होटल, गेस्ट हाउस और ठहरने के सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस चेकिग कर रही है। नए और पुराने बस अड्डे पर पुलिस तैनात की गई है। रेलवे स्टेशन पर रेलवे राजकीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल भी चेकिग कर रहा है। आसपास के क्षेत्रों में गश्त की जा रही है। मंदिरों पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है। वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर और गोवर्धन के दानघाटी मंदिर पर पुलिसकर्मी अलर्ट कर दिए गए हैं। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने बताया, नववर्ष पर कहीं कोई भी उत्पात नहीं होने दिया जाएगा। एसपी सिटी उदयशंकर सिंह और एसपी देहात लगातार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंच कर चेकिग कर रहे हैं। हाईवे और यमुना एक्सप्रेस वे पर भी मोबाइल पुलिस गश्त कर रही है। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहेंगे। भीड़ के बीच शरारती तत्वों पर नियंत्रण करने के लिए सिविल में पुलिस को तैनात किया गया है। महिला पुलिस कर्मी को भी तैनात किया गया है। एसएसपी ने कहा, किसी ने शांति व्यवस्था को भंग करने की कोशिश की तो उसको बख्शा नहीं जाएगा।