धीरेंद्र शास्त्री पर भड़का गुस्सा, पुरोहित बोले... भगवान श्रीकृष्ण पर अमर्यादित टिप्पणी क्षमा योग्य नहीं
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी को लेकर धार्मिक जगत में गहरा आक्रोश है। श्री माथुर ...और पढ़ें

आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री।
जागरण संवाददाता, मथुरा। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप पर टिप्पणी को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। धार्मिक जगत में आक्रोश है। नाराजगी जताई जा रही है। श्री माथुर चतुर्वेद परिषद के मुख्य संरक्षक व अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा के संरक्षक महेश पाठक ने विश्राम घाट स्थित कार्यालय पर पत्रकारों से कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अमर्यादित टिप्पणी क्षमा योग्य नहीं है।
भगवान श्रीकृष्ण केवल किसी एक समाज, संप्रदाय व क्षेत्र के आराध्य नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण सनातन संस्कृति के प्राण, भारतीय दर्शन के आधार और विश्व मानवता के मार्गदर्शक हैं। गीता का दिव्य ज्ञान देने वाले योगेश्वर श्रीकृष्ण के प्रति किसी भी प्रकार का निरादरपूर्ण भाव व्यक्त करना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को आहत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भले ही अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग ली हो, लेकिन इस प्रकार की अमर्यादित अभिव्यक्ति को सामान्य भूल मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने देशभर के कथा वाचकों, संतों, धर्माचार्यों को सचेत करते हुए कहा कि धार्मिक मंच कोई ऐसा स्थान नहीं हैं, जहां लोकप्रियता या तालियां बटोरने के लिए किसी भी देवी-देवता, महापुरुष या आराध्य के विषय में मनमाने शब्दों का प्रयोग किया जाए। धर्म की व्याख्या करते समय भाषा की मर्यादा, शास्त्रों का ज्ञान और धार्मिक गरिमा का ध्यान रखना अनिवार्य है।
कथावाचक मोरारी बापू और प्रदीप मिश्रा से जुड़े विवादों का भी उल्लेख किया। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा द्वारा संपूर्ण भारत वर्ष में विरोध किया जाएगा । ब्रज वासियों से बहिष्कार करने की अपील की। महामंत्री संजय चतुर्वेदी, संरक्षक राकेश तिवारी, नवीन नागर, कमल मोला, नीरज चतुर्वेदी, संजय, अनिल चतुर्वेदी, हरदेव, सचिन मौजूद रहे।