विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 लाख में मामला रफा-दफा करो, कथावाचक इंद्रदेव पर एक और आरोप; आश्रम बना अय्याशी का अड्डा

By Jitendra Kumar Gupta Edited By: Prateek Gupta
Published: Tue, 17 Nov 2026 07:35 PM (GMT+05:30)

वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने थाने पहुंचकर गिरफ्तारी की मांग की है। ...और पढ़ें

कथावाचक इंद्रदेव पर आरोप लगाती पीड़िता।

कथावाचक इंद्रदेव पर आरोप लगाती पीड़िता।

HighLights

  1. आश्रम में अवैध गतिविधियों और अन्य महिलाओं के शिकार होने का आरोप।

  2. मामला रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये का ऑफर।

संवाद सूत्र, वृंदावन। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता मंगलवार को बयान दर्ज कराने के लिए वृंदावन थाने पहुंची।उन्होंने आरोपित कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये का ऑफर का दावा करने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया कि आश्रम में अवैध गतिविधियां चलती हैं।

कई अन्य महिलाएं भी आरोपित की शिकार बनी हैं। मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे राधा आर्चिट में एक प्रेसवार्ता करके पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में मुंबई में सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने इंद्रदेव महाराज को अपना गुरु बनाया था। पारिवारिक कलह से परेशान होकर वे आश्रम आने-जाने लगीं। इसी दौरान महाराज ने उनकी छोटी बेटी के जरिए उनका नंबर लिया और अश्लील बातें व मैसेज करने शुरू कर दिए।

ब्लाॅक करने के बावजूद वे अलग-अलग नंबरों से संपर्क करते रहे। आरोप है कि चार नवंबर 2025 को दीपावली के समय महाराज ने उन्हें आश्रम बुलाया और रात में अपने कमरे में ले जाकर खुद को उनका पति बताते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद 26 जनवरी 2026 तक वे संपर्क में रहे।

वीडियो काॅल कर उनकी संपत्ति का हिसाब मांगने के साथ-साथ उनकी बड़ी और साढ़े नौ वर्ष की छोटी बेटी को भी अपने पास भेजने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि आश्रम में वे छोटी बेटी को 15 मिनट के लिए कमरे में भी ले गए थे। मामले को रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये का ऑफर दिए जाने का दावा करते हुए पीड़िता ने कहा कि उन्हें पैसा नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम में अवैध गतिविधियां चलती हैं और कई अन्य महिलाएं भी शिकार हुई हैं, जो डर के कारण सामने नहीं आ रही हैं। पीड़िता ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि एफआइआर दर्ज होने के 20-25 दिन बाद भी आरोपी फरार है। पुलिस उस पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है।

उन्होंने चेतावनी दी है कि उनके चरित्र पर कीचड़ उछालने वाले समर्थकों के खिलाफ भी वे कानूनी कार्रवाई करेंगी। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई, संजय हरियाणा आदि उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।