मथुरा में शिक्षक ने कक्षा तीन के छात्र को दी यातनाएं, धूप में मुर्गा बनाकर कैंपस में घुमाया; फिर पाइप से पीटा
मथुरा के गोवर्धन में एक निजी स्कूल के शिक्षक पर तीसरी कक्षा के छात्र को धूप में मुर्गा बनाकर पीटने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। एक निजी स्कूल के शिक्षक ने सवाल के जवाब न देने पर पहले उसे धूप में खड़ा किया और फिर मुर्गा बनाकर परिसर में घुमाया। आरोप है कि शरीर के पिछले हिस्से पर प्लास्टिक पाइप से मारपीट की।
इसी तरह दो अन्य छात्रों के साथ भी मारपीट का आरोप शिक्षक पर लगाया गया। इस मामले में बीएसए से शिकायत की गई है। इस मामले की जांच खंड शिक्षाधिकारी को सौंपी गई है।
मामला गोवर्धन थाना क्षेत्र के सकरवां स्थित ब्रजधाम पब्लिक स्कूल का है। सकरवां निवासी नीरज ने बीएसए को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा है कि मेरा पुत्र विवेक ब्रजधाम पब्लिक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ता है। रोजाना की तरह शुक्रवार की सुबह साढ़े सात बजे पुत्र स्कूल गया था।
आरोप लगाया कि शिक्षक सुरेंद्र ने उनके पुत्र से सवाल किया, जिसका जवाब जानकारी के हिसाब से बेटे ने दिया। आरोप लगाया कि, इस पर शिक्षक ने बेटे को पहले धूप में खड़ा किया। इसके बाद कपड़े उतरवाकर मुर्गा बनाकर स्कूल मैदान में घुमाया।
आरोप है इस दौरान बच्चे के पीछे के हिस्से पर प्लास्टिक के पाइप से प्रहार किए। इस तरह का अमानवीय व्यवहार शिक्षक ने उनके भाई दीपक के बेटे दीपांशु एवं केशव के साथ भी किया है। बच्चों के घर लौटने पर जानकारी हुई तो अभिभावकों में आक्रोश पैदा हो गया।
अभिभावक स्कूल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। इस मामले की शिकायत बीएसए से की गई है। इसमें आरोपित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ स्कूल की मान्यता रद करने की मांग की है।
उनका कहना है कि विद्यालय में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, जिसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। विद्यालय के निदेशक रामेश्वर दयाल ने बताया, बच्चों के स्वजन ने इस तरह की शिकायत हमसे की है, संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
एक प्राइवेट स्कूल में छात्रों की पिटाई किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। इस प्रकरण की जांच करने के बाद सही स्थिति पता चल सकेगी। दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।
-नरेंद्र तोमर, खंड शिक्षाधिकारी, गोवर्धन।
