मथुरा में ओडिशा से अलीगढ़ जा रहे ट्रक से 1.25 करोड़ का गांजा बरामद, 5 तस्कर गिरफ्तार
मथुरा में नारकोटिक्स टीम और फरह पुलिस ने ग्वालियर हाईवे पर एक ट्रक से 251 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत सवा करोड़ रुपये है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैपुराजाट चौकी के समीप पकड़े गए अवैध गांजे व आरोपियों के साथ सीओ उमेश पवार, सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी व अन्य पुलिसकर्मी
HighLights
मथुरा में 251 किलो गांजा बरामद, कीमत सवा करोड़।
नारकोटिक्स टीम और फरह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।
पांच तस्कर गिरफ्तार, मुख्य सरगना मुकुल फरार।
संवाद सूत्र, मथुरा। रैपुराजाट चौकी के समीप ग्वालियर हाईवे के नीचे नारकोटिक्स आगरा टीम और फरह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक से दो कुंतल 51 किलो गांजे की खेप बरामद की गई। पुलिस ने मौके से पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि ट्रक के पीछे चल रहा मास्टरमाइंड मौके से फरार हो गया।
नारकोटिक्स आगरा टीम के सीओ उमेश पवार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर का एक ट्रक मथुरा होते हुए गांजे की खेप लेकर अलीगढ़ जा रहा है। रविवार दोपहर दो बजे फरह पुलिस के साथ घेराबंदी कर एक ट्रक को रैपुराजाट के समीप रोका।
तलाशी लेने पर जैविक खाद की बोरियों के पीछे छिपा 2.51 कुंतल गांजे के 52 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने ट्रक चालक जयंतो निवासी फायर स्टेशन कॉलोनी हटपदा कालीमेला थाना कालीमेला जिला मलकानगिरी ओड़िसा को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़
कार्रवाई के दौरान ट्रक के पीछे चल रही बलेनो कार में सवार गांजा तस्करों को भी पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम विद्युत निवासी मुहल्ला एमवी-15 मलकानगिरी थाना व जिला मलकानगिरी ओड़िसा, हरविंदर कुमार निवासी लक्ष्मनगढ़ी थाना खैर जिला अलीगढ़, अभिजीत निवासी शिवधाम कॉलोनी खैर बाईपास रोड थाना रोरावर जिला अलीगढ़ और ललित कुमार उर्फ कालू निवासी मोरैना थाना गभाना जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक और कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान मास्टर माइंड मुकुल फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
