मथुरा जंक्शन पर जल्द शुरू होंगे 2 हाईटेक AC लाउंज, यात्रियों को भीषण गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो आधुनिक एसी लाउंज तैयार किए जा रहे हैं।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
मथुरा जंक्शन पर दो आधुनिक एसी लाउंज तैयार।
यात्री मात्र 10 रुपये प्रति घंटा शुल्क पर सुविधा।
चाय, कॉफी और अन्य जलपान की भी व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, मथुरा। भीषण गर्मी और उमस के बीच ट्रेन का इंतजार करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है। अब यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर गर्मी में पसीना नहीं बहाना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाते हुए जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो एसी लाउंज तैयार किए जा रहे हैं।
इन लाउंज के शुरू होने से यात्रियों का सफर और प्रतीक्षा का समय बेहद आरामदायक हो जाएगा। यात्री एसी लाउंट में ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे।
यात्रियों के लिए बनाए जा रहे इन दोनों एसी लाउंज का सुंदरीकरण कार्य चल रहा है। कुछ दिनों में ही इसे पूरी तरह से यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा, ताकि मौजूदा गर्मी के समय में लोगों को इसका लाभ मिल सकें। रेलवे ने आम आदमी की जेब का ध्यान रखते हुए इसका शुल्क बेहद कम रखा है।
यात्री मात्र 10 रुपये प्रति घंटा के शुल्क पर इस एसी लाउंज में बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे। कम खर्च में एसी और आरामदायक बैठने की सुविधा मिलने से दैनिक यात्रियों और मध्यम वर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
जंक्शन रेलवे स्टेशन के डायरेक्टर सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर दो एसी लाउंज तैयार किए जा रहे हैं। यात्री इनमें बैठकर ट्रेन का इंतजार कर सकेंगे।
चाय-कॉफी और अन्य सुविधाओं का भी उठा सकेंगे लुत्फ
इन एसी लाउंज को केवल बैठने की जगह तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए इसमें खान-पान का भी विशेष प्रबंध किया गया है। लाउंज में ही यात्रियों को चाय, काफी और अन्य हल्के जलपान की सुविधा उपलब्ध होगी। साफ-सुथरा वातावरण भी इस लाउंज की खास विशेषता होंगे।
